Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

शीतलहर के साथ दिल्ली-एनसीआर में भीषण ठंड, यलो अलर्ट


नई दिल्ली/नोएडा/गुरुग्राम। पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत के मौसम का मिजाज बदल दिया है। शुक्रवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर में भीषण ठंड के चलते लोग परेशान नजर आए, इस कारण सुबह से ही जगह-जगह आग जलाने और हाथ सेंकने का नजाारा आम है। फिलहाल धूप निकली है, लेकिन शीतलहर के चलते राहत नहीं मिल रही है। उधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बन गई।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और हल्का भी कोहरा रहेगा, जो ठंड के साथ वाहन चालकों को परेशान कर सकता है। दिल्ली के पालम और लोधी रोड के मौसम केंद्रों ने शुक्रवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 7 डिग्री सेल्सियस और 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इसके साथ ही आइएमडी ने 3 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति की भविष्यवाणी की है। बताया जा रहा है कि पहाड़ों पर कई दिनों से हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। ऐसे में अगले सप्ताह ही ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।