News TOP STORIES खेल

AO 2022: नडाल ने 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर रचा इतिहास


नई दिल्ली,  आस्ट्रेलियन ओपन 2022 के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में स्पेन के राफेल नडाल का सामना रूस के डेनिल मेदवेदेव के साथ हुआ। इस मुकाबले के आखिरी तीन सेट में लगातार जीत दर्ज करते हुए नडाल ने खिताब अपने नाम कर लिया। ये नडाल के टेनिस करियर का 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब है और उन्होंने इतिहास रच दिया। नडाल ने एक साथ रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविक का रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने 20-20 ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किए हैं। आस्ट्रेलियन ओपन 2022 का खिताब अपने नाम करने वाले नडाल अब टेनिस जगत में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

नडाल को मिली जबरदस्त टक्कर

फाइनल मुकाबले में पहले दो सेट में मेदवेदेव ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 6-2, 7-6 से जीत दर्ज की, लेकिन इसके बाद नडाल ने जबरदस्त वापसी की और अगले दो सेट को 6-4, 6-4 से जीत लिया। इसके बाद आखिरी सेट में गजब का संघर्ष दोनों खिलाड़ियों के बीच देखने को मिला और अंत में नडाल को 7-5 से जीत मिली। इस बार जोकोविक के आस्ट्रेलियन ओपन से बाहर होने के बाद नडाल को इस खिताबी जीत का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन फाइनल में डेनिल से उन्हें कड़ा मुकाबला मिला, लेकिन वो साल 2022 का पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने में कामयाब रहे।

नडाल ने 12 साल बाद जीता दूसरा आस्ट्रेलियन ओपन खिताब

नडाल ने इससे पहले साल 2009 में आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था और उसके 12 साल बाद उन्होंने दूसरा खिताब अपने नाम किया। नडाल ने अपने टेनिस करियर में अब तक दो बार आस्ट्रेलियन ओपन तो वहीं 13 बार फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया है। विंबलडन की बात करें तो उन्होंने ये खिताब 2008 और 2010 में अपने नाम किया था। इसके अलावा यूएस ओपन का खिताब उन्होंने चार बार अपने नाम किया है। यूएस ओपन का खिताब नडाल ने साल 2010, 2013, 2019 और 2019 में जीता था। वहीं डेनिल मेदवेदेव अपना दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने से चूक गए। उन्होंने अपने करियर में अब तक एक ग्रैंडस्लैम खिताब साल 20121 में यूएस ओपन के तौर पर जीता था।

सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले टाप चार टेनिस खिलाड़ी

राफेल नडाल- 21

रोजर फेडरर- 20

नोवाक जोकोविक- 20

पीट संप्रास- 14