इटावा, । UP Vidhan Sabha Chunav 2022 : भारतीय जनता पार्टी ने जसवंतनगर विधान सभा से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ विवेक शाक्य को चुनाव मैदान में उतारा है। वे मंगलवार को नामांकन करेंगे। जबकि इस सीट से शिवपाल सिंह यादव ने नामांकन करा लिया है। विवेक शाक्य ग्राम नगला भीखन, मलाजनी गांव के रहने वाले हैं। उनकी शिक्षा स्नातक है व वर्ष 2012 से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। इस समय वे विधान सभा संयोजक व सामाजिक संपर्क टोली प्रमुख हैं। उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है। परिवार में पत्नी लक्ष्मी शाक्य व दो पुत्र आरव शाक्य व अहान शाक्य हैं।
नामांकन करा चुके हैं शिवपाल
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को अपना नामांकन कराया था। जिसके बाद कचहरी परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने गठबंधन को जिताने का मन बना लिया है। 403 विधान सभा सीटों में से जनता अखिलेश यादव को भारी मतों से जिताएगी। किसानों से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा बातचीत किए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि अब बातचीत से कोई फायदा नहीं होगा। पांच साल तक किसानों का उत्पीड़न किया गया। उन पर मुकदमे लादे गए और उन्हें जेल भेज दिया गया तब उन्हें पूछने वाला कोई नहीं था।