Latest News आगरा उत्तर प्रदेश

Agra : घर में पड़े मिले चार शव, तंत्र-मंत्र के चलते हत्या की आशंका


  • आगरा, : ताजनगरी आगरा में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक घर में परिवार के चार सदस्यों की लाशें पड़ी मिलीं। खून से लथपथ लाशें मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में महिला और उसके तीन बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

घर में पड़ी मिलीं महिला और उसके तीन बच्चों की लाशें

मामला कूंचा साधुराम इलाके का है। एक घर में महिला और उसके तीन बच्चों की खून से लथपथ लाश मिली है। चारों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि रेखा राठौर नाम की महिला का पति से तलाक हो चुका था। वह पिछले दो सालों से अपने पति से अलग रह रही थी। गुरुवार की सुबह रेखा के घर का दरवाजा खुला पड़ा था। पड़ोसियों के आवाज देने पर भी जब कोई जवाब नहीं आया तो शक होने पर घर के अंदर जाकर देखा। कमरे में एक साथ चार लाशें देखकर हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीजी जोन राजीव कृष्ण भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की टीम भी छानबीन कर रही है।