News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के नेतृत्व में जालंधर से शुरु हुई यात्रा, 19 जनवरी को जम्मू में करेगी प्रवेश


जालंधर, कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों पंजाब दौरे पर है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत पंजाब के जालंधर के काला बकरा गांव से हुई। इस दौरान पार्टी नेताओं व स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

19 जनवरी को जम्मू में करेगी प्रवेश

भारत जोड़ो यात्रा के बारे में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हम 19 जनवरी की दोपहर में जम्मू में प्रवेश करेंगे। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 30 जनवरी को श्रीनगर आने के लिए 23 पार्टियों को आमंत्रित किया है, मुझे नहीं पता कि उनमें से कितने लोगों ने निमंत्रण स्वीकार किया है, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि वे सभी आएंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक आंदोलन है, एक जन आंदोलन है। वे लोग परेशान हैं।

सिद्धू मूसेवाला के पिता ने भारत जोड़ो यात्रा में की शिरकत

बता दें कि एक दिन पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने शिरकत की थी। राहुल गांधी ने ट्वीट कर सिद्धू मूसेवाला के पिता के साथ एक तस्वीर को भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि आज जलंधर में मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता स्वर्गीय सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह यात्रा में शामिल हुए। मैंने उनमें अद्भुत साहस और धीरज देखा। उनकी आंखों में अपने बेटे के लिए गर्व, और दिल में बेशुमार प्यार झलकता है। ऐसे पिता को मेरा सलाम है।

 

कांग्रेस सांसद के निधन के चलते रोकी गई थी यात्रा

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के चलते एक दिन के लिए यात्रा रोक दी गई थी। बीते शनिवार को कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हार्ट अटैक पड़ा था। इसके बाद उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।