Latest News पटना बिहार

Bihar : आरजेडी के राज्यसभा उम्मीदवारों के पास कितनी संपत्ति, मनोज झा से अमीर उनकी पत्नी; संजय यादव इतने के मालिक


 पटना। : संजय यादव के पास कुल 81 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें 17 लाख कीमत की स्थायी संपत्ति उन्होंने स्वयं अर्जित की है। वहीं, उनके पास कुल 64 लाख रुपये की पैतृक संपत्ति है। संजय के पास 58 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। नकदी के नाम पर 50 हजार रुपये ही हैं। उन्होंने यह जानकारी राज्यसभा के लिए नामांकन करते समय शपथ पत्र में चुनाव आयोग को दी है।

 

संजय यादव कितनी संपत्ति के मालिक

संजय यादव (Sanjay Yadav) के पास कुल 1.39 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। संजय के चार बैंक खाते में 36 लाख 85 हजार 969 रुपये जमा हैं। उनके पास तीन एकड़ से अधिक की कृषि भूमि है। नई दिल्ली के द्वारका, नजफगढ़ एवं हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में आवासीय भवन हैं।

संजय यादव कितने पढ़े-लिखे

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से संजय यादव ने मास्टर आफ साइंस (कम्प्यूटर साइंस ) की डिग्री ली है। शपथ पत्र के मुताबिक संजय यादव के पास 50 ग्राम सोने एवं एक किलोग्राम चांदी के जेवरात हैं। हालांकि, उनकी पत्नी सुनिश्था के पास 25 लाख से अधिक रुपये के 450 ग्राम सोने एवं साढ़े तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण हैं।

मनोज झा के पास पत्नी से भी कम संपत्ति

प्रो. मनोज झा के पास 2.27 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। इसमें चल संपत्ति 58,45,099 (58.45 लाख) रुपये की है। जबकि, अचल संपत्ति करीब 1,69,35,000 (1.69 करोड़) रुपये की है। खास बात है कि इनके पास कैश केवल 50 हजार है। मनोज झा के पास आठ बीघा से अधिक खेती की जमीन सहरसा जिले में हैं।

वहीं गैर कृषि भूमि दो कट्ठा से अधिक है। इनके पास सहरसा हरसा में तीन एवं पटना के न्यू पाटलिपुत्र कालोनी में एक फ्लैट है। मनोज के पास 20 ग्राम सोने एवं 200 ग्राम चांदी के आभूषण हैं। हालांकि, इनकी पत्नी नम्रता झा के पास इनसे कहीं अधिक 250 ग्राम सोना एवं एक किलोग्राम चांदी के जेवर हैं। साथ ही नम्रता के पास इनोवा कार है। इन्होंने पटना विश्वविद्यालय से स्नातक, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की डिग्री ली है। इनके पास टाटा टियागो कार है।

मनोज झा और संजय यादव ने गुरुवार को किया था नामांकन

राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए राजद प्रत्याशी प्रोफेसर मनोज कुमार झा (Manoj Jha) एवं संजय यादव ने गुरुवार को बिहार विधानसभा सचिव के समक्ष दो-दो सेट में अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। राजद के इन दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान राजद प्रमुख लालू प्रसाद के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के साथ ही पार्टी के दूसरे कई नेता उपस्थित रहे।

मनोज झा (Manoj Jha) राजद के वैसे उम्मीदवार हैं, जो दूसरी बार राज्यसभा का अपना कार्यकाल प्रारंभ करेंगे। प्रोफेसर मनोज झा इसके पूर्व 2018 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। दूसरे प्रत्याशी संजय यादव पहली बार राज्यसभा जा रहे हैं। हरियाणा के निवासी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के मित्र संजय यादव को अशफाक करीम का टिकट काटकर राजद के टिकट पर राज्यसभा भेजा जा रहा है।

इन दोनों का कार्यकाल 2030 तक रहेगा। नामांकन के दौरान लालू प्रसाद, राबड़ी देवी के साथ ही पूर्व विधान सभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता आिद उपस्थित रहे।