News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Bihar: जेपी नड्डा ने मंच से उठाया दरभंगा एम्स का मुद्दा नीतीश सरकार पर जमकर बोला हमला


नड्डा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। महिला कार्यकर्ताओं को महिला आरक्षण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने अनुसूचित, पिछड़ा और अति पिछड़े को आजीवन आगे बढ़ाने काम किया। नरेंद्र मोदी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्ज दिया।

5 Oct 20233:54:08 PM

मिश्र ने तिनका-तिनका जोड़कर भाजपा को खड़ा किया

नड्डा ने कहा कि मिश्र भाजपा के कर्णधार रहे। तिनका-तिनका जोड़कर भाजपा को खड़ा करने वाले कैलाशपति मिश्र ने पार्टी के लिए अपना जीवन खपा दिया। मिश्र भाजपा के दधीचि थे। एक-एक क्षण उन्होंने पार्टी को समर्पित कर दिया। JP Nadda Bihar Visit

5 Oct 20233:45:18 PM

खोने के लिए सबकुछ था : नड्डा

बापू सभागार में नड्डा ने कहा कि जब कैलाश जी पार्टी के लिए काम कर रहे थे तब केवल खोने के लिए ही सबकुछ था। उन्होंने अपनी जगह कामेश्वर पासवान को राज्यसभा भेजा था।

5 Oct 20233:41:33 PM

मंच से संबोधित कर रहे जेपी नड्डा

जेपी नड्डा ने मंच से संबोधन शुरू किया है। बापू सभागार में नड्डा ने बिहार इकाई की ओर कार्यक्रम में बुलाने के आभार प्रकट किया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज मुझे स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के 100वीं जन्म जयंती के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य मिला। मैं अपनी ओर से, यहां मंच पर बैठे हुए तमाम नेताओं तथा बिहार के लाखों-लाख कार्यकर्ताओं की ओर से आदरणीय कैलाशपति मिश्र को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंंने कहा कि कैलाशपति जी पार्टी के प्रथम पीढ़ी के नेता थे।

5 Oct 20233:39:34 PM

लालू ने पहला आरक्षण राबड़ी देवी को दिया : सम्राट

सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद जी कभी किसी दूसरे को आरक्षण नहीं दे सकते हैं। उन्होंने पहला आरक्षण राबड़ी देवी जी को दिया, उन्होंने दूसरा आरक्षण तेजप्रताप यादव जी को दिया, उन्होंने तीसरा आरक्षण तेजस्वी यादव जी को दिया, उन्होंने चौथा आरक्षण अपनी बेटी को दिया।

5 Oct 20233:37:43 PM

लालू जी आपने आरक्षण दिया कब था : सम्राट

सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव रोज बोलते हैं कि मैं जब तक रहूंगा आरक्षण खत्म नहीं हो सकता है। अरे आपने आरक्षण दिया कब था, ये तो बताइए?

5 Oct 20233:35:08 PM

सम्राट चौधरी ने मंच से किया संबोधित

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में यदि कोई पिछड़ों, दलितों का सम्मान करने वाला है, वो सिर्फ भारतीय जनता पार्टी है साथियों। याद कीजिये कर्पूरी ठाकुर जी ने भी जब कांग्रेस मुक्त भारत की शुरुआत की थी, पहली बार बिहार में किसी ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया तो कैलाशपति मिश्र ने बनवाया।

5 Oct 20233:30:40 PM

कैलाशपति मिश्र के जीवन पर दिखाई गई डॉक्टयूमेंट्री

बापू सभागार में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में कैलाशपति मिश्र के जीवन से जुड़ी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसमें जेपी नड्डा के पुराने संबोधन को भी शामिल किया गया था।

इस दौरान उनके बारे में कैलाशपति मिश्र के संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और जेपी नड्डा के उद्गार को भी दिखाया गया। इससे पहले दिखाया गया कि बिहार में जनसंघ और बाद में भाजपा को जमीनी स्तर पर सशक्त तथा विस्तारित करने में कैलाशपति मिश्र ने कैसे अहम भूमिका निभाई थी। कैलाशपति मिश्र ने 1971 का लोकसभा चुनाव जनसंघ के टिकट पर पटना से लड़ा, पर हार गए थे। वर्ष 1977 में बिक्रम सीट से बिहार विधानसभा चुनाव जीता।जब 1980 में भाजपा की स्थापना हुई, तब वह भाजपा की बिहार इकाई के संस्थापक अध्यक्ष बने। उन्होंने 1995 से 2003 तक भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 2003 में उन्हें गुजरात का राज्यपाल मनोनीत किया गया। वे राजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल भी रहे। उत्तर प्रदेश और झारखंड के राज्य प्रभारी भी रहे।

5 Oct 20233:15:56 PM

जेपी नड्डा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया

पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा ने भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। इस दौरान कैलाशपति मिश्र के सहयोगी मोहम्मद कासिम को भी उन्होंने सम्मानित किया।

5 Oct 20232:54:14 PM

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी मंच से संबोधित किया

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी मंच से संबोधित किया। संबोधन शुरू करते हुए उन्होंने मंच से वंदे मातरम, भारत माता की जय, जय श्रीराम के नारे लगवाए। उन्होंने कहा कि कैलाश जी ना होते तो लालू यादव मुख्यमंत्री नहीं बने होते। यदि लालू में हिम्मत है तो मेरी इस बात को काटकर दिखाएं।

5 Oct 20232:43:34 PM

नड्डा ने दोनों जोड़कर किया अभिवादन

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अपनी जगह पर खड़े होकर स्वागत किया। इसके साथ ही जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इधर, नड्डा ने दोनों हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

5 Oct 20232:23:15 PM

जन्मशताब्दी समारोह में कैलाशपति मिश्र की बहू ने ग्रहण की भाजपा सदस्यता

जन्मशताब्दी समारोह में कैलाशपति मिश्र की बहू दिलमणि देवी ने भाजपा सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधान मंडल दल के नेता विजय सिन्हा और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें सदस्यता दिलाई। बता दें कि दिलमणि देवी कैलाशपति मिश्र की दत्तक बहू हैं। वह ब्रह्मपुर की पूर्व विधायक और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं हैं। 2015 के चुनाव में भाजपा में टिकट कटने के बाद पार्टी छोड़ दी थी। वर्तमान में जदयू की प्रदेश पदाधिकारी थीं।

5 Oct 20232:11:17 PM

आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार पर बोला हमला

पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने मंच से कहा कि बिहार में बहुत चर्चा हो रही है कि जातीय जनगणना की लिस्ट निकल गई है। इसे देखेंगे तो पहले ही पेज पर लिखा है कि ईसाई, पिछड़ा वर्ग… आपने नीतीश बाबू क्या किया। आपने बिहार को पीछे लाने का काम किया है।

5 Oct 20232:00:17 PM

सुशील मोदी ने नीतीश-लालू पर साधा निशाना

भाजपा सांसद सुशील मोदी ने बापू सभागार में मंच से नीतीश और लालू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू-नीतीश ने पिछड़ों को आरक्षण देने का काम नहीं किया। ये काम कर्पूरी ठाकुर ने कैलाशपति मिश्र के रहते हुए किया। उन्होंने कहा कि मंडल और कमंडल आज दाेनों हमारे साथ हैं। हमें कोई हटा नहीं सकता।

5 Oct 20231:41:26 PM

बिहार भाजपा बोली- सबका साथ-सबका विकास

बिहार भाजपा ने अपनी तीसरी और चौथी पोस्ट में लिखा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बिहार के गांव गांव में पहुंचाई बिजली, देश की 80 करोड़ जनता को मिल रहा मुफ्त अनाज। इसीलिए तो सब कहते हैं सोच ईमानदार, काम दमदार बार-बार मोदी सरकार!

क्या आप जानते हैं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 71 फीसदी लाभार्थी किसान एससी, एसटी या ओबीसी वर्ग से आते हैं। यही है सबका साथ-सबका विकास करने वाली पार्टी का रिपोर्ट कार्ड…।

5 Oct 20231:39:21 PM

भाजपा के मन में बिहार…

बिहार भाजपा ने अपनी दूसरी पोस्ट में लिखा भाजपा के मन में बिहार, बिहार के दिल में भाजपा। कैलाशपति मिश्र जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बिहार आगमन पर बहुत-बहुत स्वागत।

5 Oct 20231:36:44 PM

बिहार भाजपा ने किया नड्डा का स्वागत

बिहार भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा कि मां सीता, भगवान बुद्ध, चाणक्य, चंद्रगुप्त, आर्यभट्ट की पुण्य धरा पाटलिपुत्र की ऐतिहासिक धरती पर वंदन-अभिनंदन! बिहार आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पटना एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने स्वागत अभिनंदन करते हुए।

5 Oct 20231:31:34 PM

जेपी नड्डा पटना पहुंचे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक श्रेयसी सिंह आदि मौजूद थे।

5 Oct 20231:02:25 PM

जदयू सांसद ने जाति आधारित गणना पर उठाए सवाल

जदयू सांसद सुनील कुमार पिंटू ने जाति आधारित गणना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने तेली समाज की गणना गलत होने की बात कही है। इस संदर्भ में पटना में 8 अक्टूबर को समाज के लोगों की एक बैठक होगी। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार को ज्ञापन दिया जाएगा।

5 Oct 202312:59:46 PM

पटना पहुंचे जेपी नड्डा

बिहार में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जेपी नड्डा पटना पहुंच गए हैं। वह भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

5 Oct 202312:50:42 PM

बांका : कारोबारी के बेटे को अपहर्ताओं ने छोड़ा

बांका जिले में नक्सल प्रभावित रगदानगर गांव के समीप जंगल से जमुई जिले के झाझा थाना अंतर्गत बोड़वा गांव निवासी मछली कारोबारी खुवन पंडित और उसके 13 वर्षीय पुत्र वरुण कुमार का मंगलवार की शाम अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने तीसरे दिन गुरुवार की सुबह कारोबारी के पुत्र वरुण कुमार को मुक्त कर दिया है। चर्चा है कि फिरौती की रकम वसूली के बाद ही उसे मुक्त किया गया है।

5 Oct 202312:42:39 PM

कैलाशपति को नमन करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी : नित्यानंद राय

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का भगवानपुर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वह दरभंगा से पटना लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने गुरुवार को पटना में कैलाशपति मिश्र के जयंती समारोह में मुजफ्फरपुर से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने भाजपा के लिए दधीचि के तरह अपना जीवन दान कर दिया था। ऐसे महापुरुष को नमन करना हर एक राष्ट्र भक्तों का नैतिक दायित्व जिम्मेदारी है।

5 Oct 202312:31:16 PM

समस्तीपुर: चोरी का विरोध करने पर बुजुर्ग को पीटा, मौत

समस्तीपुर में विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढसिसई गांव में बुधवार शाम चोरी का विरोध करने पर बदमाश ने 70 साल के बुजुर्ग को लात-घूंसों से पीट डाला। गुरुवार सुबह सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान गढसिसई गांव के वार्ड 07 निवासी हरिश्चन्द्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

5 Oct 202312:25:49 PM

मधुबनी : रास्ते के विवाद पर भाजपा के झंझारपुर जिलाध्यक्ष पर हमला

लौकही के नवटोली एनएच 57 के किनारे पेट्रोल पंप पर गुरुवार सुबह हमले की घटना हुई है। झंझारपुर भाजपा जिला अध्यक्ष ऋषिकेश कुमार राघव का वहां पेट्रोल पंप है। उनके पंप से सटकर कुलनन्द यादव का पंप है। दोनों पंप का रास्ता एक ही है। जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले ऋषिकेश कुमार राघव ने रास्ते पर खड़ी गाड़ियों को लेकर कुलदेव यादव वाले पंप के कर्मियों को इन्हें हटाने के लिए कहा था। इसी बात पर कहासुनी हो गई। ऋषिकेश कुमार राघव के अनुसार, उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। फिलहाल दरभंगा में उनका इलाज चल रहा है। कुलदेव यादव के अनुसार, उनके कर्मियों को भी मार-पीटकर घायल किया गया है।

5 Oct 202311:54:10 AM

बिहार शरीफ : शिक्षक को बदमाशों ने गोली मारी

एकंगरसराय थाना क्षेत्र के राम भवन रसलपुर रोड में अज्ञात अपराधियों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय रसलपुर के शिक्षक अरुण प्रसाद को गोली मारकर जख्मी कर दिया। अरुण को चिंताजनक स्थिति में एकंगरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पटना रेफर कर दिया गया है। एकंगरसराय थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी सुरेश प्रसाद के पुत्र अरुण प्रसाद एकंगरसराय में ही अपने मकान में रहते हैं। वह प्रतिदिन मोटरसाइकिल से स्कूल जाते थे।

5 Oct 202311:52:25 AM

आज बिहार आएंगे जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को बिहार आएंगे। वह पटना में बिहार भाजपा के संस्थापक माने जाने वाले कैलाशपति मिश्र के शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। सम्राट चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार पटना आ रहे हैं।

5 Oct 202311:30:38 AM

गोपालगंज : चाचा-भतीजे के बीच हुई हाथापाई, मौत

गोपालगंज में बच्चों के विवाद में चाचा-भतीजे के बीच हुई हाथापाई के दौरान चाचा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामला उचकागाव थाना क्षेत्र के पिडरा गांव का है।

5 Oct 202311:28:59 AM

औरंगाबाद : चोर-जेबकतरा गिरोह का राजफाश

औरंगाबाद नगर थाना पुलिस ने बुधवार रात और गुरुवार भोर में चोर और पेकटमार गिरोह का राजफाश किया है। तीन चोरों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी के मोबाइल और नगदी बरामद की गई है। गिरफ्तार चोरों ने पुलिस के समक्ष चोरी के कई राज खोले हैं।

5 Oct 202311:08:53 AM

पटना एम्स में देर रात झड़प

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पटना में देर रात कैंसर पीड़ित मरीज के स्वजन और निजी सुरक्षा कर्मियों के बीच झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार, मरीज के स्वजन को निजी सुरक्षा कर्मियों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। यहां फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस पोस्ट पर सिपाही की तैनाती के बावजूद घटना हुई। आरोप है कि निजी सुरक्षा कर्मियों ने हंगामा करने वाले को पुलिस के हवाले करने के बजाय खुद ही जमकर पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार, गार्ड की पिटाई से मरीज की परिजन की मौत हो गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।