News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Bihar Budget 2023: वित्त मंत्री विजय चौधरी पेश कर रहे बजट, बोले- बिहार सरकार की नकल करती है केंद्र


  1. पटना, । Bihar Budget 2023 Live: बिहार विधानसभा में आज वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट पेश जा रहा है। वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी बजट पेश कर रहे हैं। इस बार राज्य के युवाओं की नजर बजट पर टिकी है। सरकार का ध्यान शिक्षा और रोजगार पर अधिक फोकस रहने की संभावना है। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए महागठबंधन की सरकार राज्य की जनता के लिए कई लोक लुभावन घोषणाएं कर सकती है।
  • 02:35 PM, 28 Feb 2023

    बिहार के मिले विशेष राज्य का दर्जा- विजय चौधरी

    वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि कोरोना काल के बाद बिहार में आर्थिक मजबूती का सबूत यह है कि हमारी विकास दर देश में तीसरे नंबर पर है। बेहद कम फासले से दो राज्य बिहार से आगे हैं।बिहार का बजट आकार पिछले 10 वर्षों में तीन गुना बढ़ा है। विकास दर में बिहार राज्य देश में लगातार प्रगति कर रहा है। केंद्र से हमें विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए।

  • 02:30 PM, 28 Feb 2023

    बिहार सरकार की नकल करती है भाजपा- वित्त मंत्री

    वित्त मंत्री ने बजट के भाषण के दौरान कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हमारी सरकार की योजनाओं की नकल करती है। उन्होंने कहा कि हर घर बिजली योजना हमने 2016 में शुरू की, मोदी सरकार ने 2017 में उसकी शुरुआत की। फिर हमने जल जीवन हरियाली योजना 2019 में शुरू की। मोदी सरकार ने यहां भी नकल की और हमारी देखा-देखी योजना देशभर में लागू कर दी।

  • 12:15 PM, 28 Feb 2023

    सभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

    ध्यानाकार्षण सूचनाएं लेने के बाद सभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दो बजे के बाद बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही फिर से शुरू होगी। बिहार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी 2023-24 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे।

  • 11:43 AM, 28 Feb 2023

    कांग्रेस ने केंद्र पर लगाया बिहार के साथ सौतेले व्यवहार का आरोप

    बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजित शर्मा की अगुआई में पार्टी के सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पार्टी ने मनरेगा फंड में कटौती के भी आरोप लगाए हैं।

  • 11:33 AM, 28 Feb 2023

    सुरेंद्र यादव के बयान पर विजय चौधरी ने दी सफाई

    वित्त मंत्री विजय चौधरी ने सुरेंद्र यादव के बयान को लेकर हंगामे के बीच सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपना स्पष्टीकरण दे दिया है। उन्होंने कहा है कि सेना का अपमान करने की उनकी मंशा नहीं थी।

  • 11:20 AM, 28 Feb 2023

    सदन में भाजपा ने उठाया अपराध का मुद्दा

    बिहार विधानसभा में भाजपा विधायकों ने जंगलराज का मुद्दा उठाया है। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं बिहार में जनता का राज है, जबकि अपराध बढ़ रहे हैं।भाजपा नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग कर रही है। विजय कुमार सिन्हा ने बिहार सरकार में मंत्री सुरेंद्र यादव के सेना पर टिप्पणी को लेकर निशाने पर लिया और माफी की मांग की।

  • 11:15 AM, 28 Feb 2023

    हंगामे के साथ बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत

    बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। शुरुआत से ही भाजपा के विधायक सदन में हंगामा कर रहे हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने मंत्री सुरेंद्र यादव और विधायक इसराइल मंसूरी को सदन में घेरा।

  • 10:38 AM, 28 Feb 2023

    राज्यपाल ने की राज्य सरकार की सराहना

    बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। विधानसभा के दोनों सदनों (विधानसभा व विधान परिषद) को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। कानून-व्यवस्था और न्याय के साथ राज्य का विकास सरकार का मूल मंत्र है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति पर सरकार कार्य कर रही है। कोरोना संक्रमण के दौरान नीतीश सरकार आम लोगों के साथ रही और उनके लिए बढ़-चढ़कर कार्य किया। राज्य भर में सघन कोरोना जांच कराई। तभी कोरोना पर नियंत्रण पाया जा सका।

  • 09:59 AM, 28 Feb 2023

    बिहार में लोगों की प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी

    आंध्र प्रदेश और राजस्थान ने आर्थिक विकास में बिहार से मामूली बढ़त ली। हालांकि, यह बढ़त दशमलव प्रतिशत में रही। यहीं नहीं, बिहार में सीमित संसाधनों के बाद भी प्रति व्यक्ति आय में भी बड़ी उछाल हासिल की है। 2021-22 में प्रति व्यक्ति आय में 64 सौ रुपये की वृद्धि के बाद प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 54,383 रुपये हो गई है।

  • 09:58 AM, 28 Feb 2023

    आर्थिक विकास में बिहार की गति देश से भी तेज

    बिहार विधानसभा में सोमवार को वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने वर्ष 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। यह बिहार का 17वां आर्थिक सर्वेक्षण है। उन्होंने बताया कि आर्थिक विकास के मामले में बिहार ने तमाम राज्यों के साथ ही देश को भी पीछे छोड़ दिया है। 2021-22 में देश की आर्थिक विकास दर जहां 8.68 प्रतिशत थी, वहीं बिहार में आर्थिक विकास की गति 10.98 प्रतिशत रही।

  • 09:51 AM, 28 Feb 2023

    नीतीश सरकार इस साल भी बढ़ाएगी बजट का आकार

    साल 2005 में सत्ता में आने के बाद से ही नीतीश सरकार हर साल बजट का आकार बढ़ाती रही है। इसी पृष्ठभूमि के आधार पर अगला बजट ढाई लाख करोड़ से अधिक के होने का अनुमान है। चालू वित्त वर्ष के लिए दो लाख, 37 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रविधान किया गया था।

  • 09:49 AM, 28 Feb 2023

    20 लाख रोजगार के वादे पर हो सकता है एलान

    भाजपा का साथ छोड़कर जब नीतीश कुमार तेजस्वी यादव के साथ आए थे, तो महागठबंधन सरकार ने युवाओं से कई बड़े वायदे किए थे। सीएम नीतीश कुमार ने 20 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। महागठबंधन सरकार 2023-24 के बजट में रोजगार को लेकर बड़ा एलान कर सकती है।