Latest News पटना बिहार

Bihar Panchayat Result : पटना में भिड़े दो प्रत्‍याशियों के समर्थक, लगातार चौंका रहे नतीजे


पटना। बिहार में आज सुबह आठ बजे से 10वें चरण के पंचायत चुनाव की मतगणना (Bihar Panchayat Election 10th. Phase Counting) जारी है। अभी तक के परिणाम चौंकाने वाले रहे हैं। कई सिटिंग प्रत्‍याशी हार गए हैं। आज जिला परिषद सदस्य के 118, मुखिया के 817, पंचायत समिति सदस्य के 1106, वार्ड सदस्य के 10981, सरपंच के 817 एवं पंच के 10981 पदों के लिए कुल 93725 प्रत्याशियों के भाग्‍य का फैसला हो रहा है। पंचायत चुनाव की मतगणना व परिणाम की पल-पल की जानकारी के लिए लगातार बने रहिए हमारे साथ।

Bihar Panchayat, Mukhiya Chunav 10th. Phase Counting LIVE Update:

01:34 PM- मतगणना के पांच घंटे से अधिक बीत चुके हैं। बेगूसराय के बछवाड़ा की चमथा दो पंचायत से निवर्तमान मुखिया राकेश कुमार राय उर्फ बच्चा बाबू विजयी।

01:25 PM- सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर में निवर्तमान मुखिया को मारी गोली। सोनबरसा प्रखंड के रून्नीसैदपुर में बलुआ पंचायत के निवर्तमान मुखिया प्रभात कुमार यादव को निशाना बनाया गया। जख्मी मुखिया को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। शुक्रवार को दबंगों ने यहां के एक निवर्तमान मुखिया को गोली मार दी। रुन्नीसैदपुर प्रखंड में 12 दिसंबर को पंचायत चुनाव के लिए मतदान होना है। इससे पहले सोनबरसा में भी मतदान से ठीक एक दिन पहले जिला परिषद की प्रत्याशी बच्चिया खातून के पौत्र समीर रजा को चुनावी रंजिश में गोली मार दी गई थी।

01:20 PM- पटना के बेलछी प्रखंड की बेलछी पंचायत में मुखिया पद पर मीना देवी जीतीं। पटना की घोसवरी प्रखंड की मोर पश्चिम पंचायत से मुखिया पद पर धीरज उर्फ भोला पहली दफा निर्वाचित हुए। मोर पूर्वी पंचायत से अरविंद पासवान दूसरी दफा जीते। मोकामा प्रखंड की शिवनार पंचायत से रंजना देवी मुखिया पद पर केवल चार वोट से जीतीं।

01:01 PM- शिवहर की तरियानी छपरा पंचायत से मुखिया पद पर अर्पणा सिंह जीतीं। शिवहर की नरवारा पंचायत से मुखिया पद पर अर्पणा अग्रवाल जीतीं। पटना के बेलछी प्रखंड की सकसोहरा पश्चिमी पंचायत से पिंकु कुमार ने मुखिया का चुनाव जीता। करजान पंचायत से आरती कुमारी पहली बार मुखिया बनीं। घोसवरी प्रखंड की गोसाईंगांव पंचायत से मुखिया पद पर पहली बार पिंकी देवी जीतीं। घोसवरी की घोसवरी पंचायत से आरती देवी पहली बार मुखिया बनीं। आरती देवी जनता दल यूनाइटेड बाढ़ जिला संगठन अध्यक्ष परशुराम पारस की पुत्रवधू हैं।