Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

BJP यूपी के चुनाव प्रभारियों की दिल्ली में होगी अगले सप्ताह बैठक,


  1. लखनऊ,: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सारी पार्टियों ने अपनी अपनी ताकत झोंक दी है। उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपनी तैयारियों को और तेज करते हुए यूपी के लिए चुनाव प्रभारियों की घोषणा कर दी थी। भाजपा के सूत्रों की माने तो यूपी के प्रभारियों की एक बैठक अगले सप्ताह दिल्ली में टीम के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में होगी जिसमें सभी सह प्रभारियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके बाद पूरी टीम लखनऊ आकर चुनावी तैयारियों की कमान अपने हाथ में लेगी।

भाजपा के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि, ”केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में भाजपा की चुनाव टीम 20 सितंबर के बाद अपना चुनाव कार्य शुरू करेगी। एक सप्ताह पहले पार्टी ने सात सह-प्रभारी के साथ प्रधान को यूपी का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। पार्टी का मौजूदा फोकस बूथ कमेटियों की नियुक्ति पर है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा शनिवार को बूथ विजय अभियान का उद्घाटन करने के बाद काम को गति मिली है। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक बूथ स्तरीय नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी इसके लिए टीम जल्द लखनऊ पहुंचेगी और तैयारियों की जानकारी लेगी।”

भाजपा नेता ने बताया कि यूपी लगभग 17 करोड़ मतदान आबादी वाला एक बड़ा राज्य है। इसे और अधिक तैयारी की जरूरत है। जिन नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, उनके पास चुनावी राजनीति और चुनावी रणनीति और प्रबंधन का व्यापक अनुभव है। उन सभी लोगों को चुनावी तैयारियों में लगाया जाएगा। इन सभी लोगों की जिम्मेदारियां जल्द ही दिल्ली की एक बैठक में तय हो जाएंगी।

उत्तर प्रदेश चुनाव के सह प्रभारी विवेक ठाकुर ने बताया कि,

”अभी जिम्मेदारियां तय नहीं की गई हैं लेकिन ऐसी उम्मीद है कि अगले सप्ताह चुनावी टीम की बैठक दिल्ली में होगी और उसमें सबको जिम्मेदारियां बता दी जाएंगी। एक बार जिम्मेदारी मिलने के बाद ही यूपी की परिस्थितियों के हिसाब से काम शुरू किया जाएगा।”