Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

CM नीतीश का तमिलनाडु दौरा टला तेजस्वी यादव और संजय झा रवाना; एमके स्टालिन की नाराजगी की चर्चा –


पटना,  पटना में विपक्षी दलों की एकजुटता मुहिम को लेकर 23 जून को महाबैठक के सिलसिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का तमिलनाडु दौरा ऐन वक्त पर टल गया। नीतीश तुमार की जगह उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई रवाना हो गए हैं।

तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के साथ जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री संजय झा भी गए हैं। आखिरी मौके पर मुख्यमंत्री का दौरा रद होने का कारण नहीं बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन कांग्रेस से नाराज चल रहे हैं। मुख्यमंत्री उनको मनाने और महाबैठक के लिए विशेष रूप से आमंत्रित करने के लिए जाने वाले थे।

नीतीश कुमार का तमिलनाडु दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा था क्योंकि विपक्षी एकजुटता अभियान के तहत दक्षिण भारत के किसी राज्य में उनका यह पहला दौरा था। चेन्नई यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में भी शामिल हाेने वाले थे। कार्यक्रम में उनका संबोधन भी था।

आज ही पटना लौटेंगे तेजस्वी यादव

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव आज ही वापस पटना लौट आएंगे। बता दें कि पटना में हो रही विपक्ष की महाबैठक में शामिल होने को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन को पहले ही आमंत्रण भेजा चुका है।

एक अणे मार्ग स्थित नेकसंवाद कक्ष में बैठक की तैयारी

पटना के एक अणे मार्ग स्थित नेकसंवाद कक्ष में महाबैठक की तैयारियां की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महाबैठक में शामिल होने के लिए स्टालिन की सहमति भी मिल चुकी है। हालांकि, आखिरी वक्त में नीतीश कुमार के तमिलनाडु न जाने के निर्णय से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिल चुके हैं। इन मुख्यमंत्रियों ने पटना में होने वाली महाबैठक में शामिल होने को लिए अपनी सहमति दे दी है।