News TOP STORIES उड़ीसा उत्तर प्रदेश झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Congress Protest : नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी से ED की पूछताछ जारी, प्रदर्शन के चलते पी चिदंबरम, समेत कई हिरासत में


नई दिल्ली, । नेशनल हेराल्ड केस से जु़ड़े मनी लांड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ईडी कार्यालय पहुंच गई हैं। इसके मद्देनजर देशभर में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और कई बड़े नेता ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। वहीं पार्टी सोनिया के साथ एकजुटता दिखाने के लिए भी आज देशभर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार बदले की कार्यवाई के तहत सोनिया को फंसा रही है और वह इसका पुरजोर तरीके से विरोध करेगी। बता दें कि इससे पहले जून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी ईडी इसी मामले में पूछताछ कर चुकी है। उस समय भी कांग्रेस ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

गौरतलब है कि नेशनल हेराल्ड अखबार और इसे प्रकाशित करने वाली कंपनी एजेएल और यंग इंडियन कंपनी में वित्तीय गड़बड़ी को लेकर ईडी यह जांच कर रही है। सोनिया और राहुल के पास यंग इडिया के 36 प्रतिशत शेयर थे।

  • 01:24 PM, 21 Jul 2022

    पी चिदंबरम, अजय माकन और अन्य पुलिस हिरासत में

    सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की जांच को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा बुलाए गए देशव्यापी विरोध के मद्देनजर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम, अजय माकन और अन्य को हिरासत में लिया गया है।

  • 01:14 PM, 21 Jul 2022

    जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया

    नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में आज जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता यहां सोनिया गांधी के समर्थन में नारे भी लगाते दिखे।

  • 01:02 PM, 21 Jul 2022

    अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर कटाक्ष

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी जांच पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर गांधी परिवार बेदाग है, तो चिंतित क्यों है? अगर वे भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं है तो हल्ला क्यों मचा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों की जांच करना ही जांच एजेंसियों का कर्तव्य है।

  • 12:49 PM, 21 Jul 2022

    अशोक गहलोत को प्रदर्शन करने के चलते दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और अन्य नेताओं को प्रदर्शन करने के चलते दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गहलोत ने कहा कि देश में पहली बार ऐसा हो रहा है कि सरकार धरना प्रदर्शन करने से रोक रही है।

  • 12:39 PM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस नेताओं को मानसिक रूप से परेशान करना चाहती है सरकारः डीके शिवकुमार

    कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सोनिया गांधी की पेशी को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सोनिया को बुलाने की कोई जरूरत नहीं थी, वे केवल परेशान कर रहे हैं। शिवकुमार ने कहा कि भाजपा कांग्रेस नेताओं को मानसिक रूप से परेशान करना चाहती है।

  • 12:36 PM, 21 Jul 2022

    ईडी कार्यालय से रवाना हुए राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ईडी कार्यालय से रवाना हुए जहां नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी की जांच की जा रही है।

  • 12:32 PM, 21 Jul 2022

    बेंगलुरू में कर्नाटक कांग्रेस का प्रदर्शन

    नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में आज बेंगलुरू में कर्नाटक कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन किया।

  • 12:25 PM, 21 Jul 2022

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर हमला बोला

    सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल दिखाना चाहता है कि वे कितने शक्तिशाली हैं। हमने संसद में महंगाई का मुद्दा उठाया है लेकिन वे चर्चा के लिए तैयार नहीं हैं। अब हम केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठा रहे हैं।

  • 12:24 PM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

    नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी जांच के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज राजधानी दिल्ली में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

  • 12:21 PM, 21 Jul 2022

    शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रही कांग्रेसः दीपेंद्र हुड्डा

    नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है। इस बीच कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं। सरकार हमारी आवाज को दबा नहीं सकती।

  • 12:13 PM, 21 Jul 2022

    ईडी कार्यालय पहुंचीं सोनिया गांधी

    नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी।

  • 12:03 PM, 21 Jul 2022

    सोनिया गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं नारेबाजी

    सोनिया गांधी के ईडी के सामने पेश होने के लिए निकलते ही कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी की।

  • 11:57 AM, 21 Jul 2022

    ईडी के सामने पेश होने के लिए रवाना हुईं सोनिया

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में पेश होने के लिए अपने आवास से ईडी कार्यालय के लिए रवाना हुईं। सोनिया के साथ राहुल और प्रियंका गांधी भी साथ जा रहे हैं।

  • 11:48 AM, 21 Jul 2022

    शिमला में ईडी कार्यालय के बाहर धरना देगी कांग्रेस

    कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उप-क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। ईडी के छोटा शिमला कार्यालय के बाहर दोपहर के आसपास विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

  • 11:41 AM, 21 Jul 2022

    पार्टी मुख्यालय से संसद तक कांग्रेस नेताओं ने मार्च निकाला

    नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी के सामने सोनिया गांधी की पेशी से पहले 24 अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय से संसद तक कांग्रेस नेताओं और सांसदों ने मार्च निकाला है।

  • 11:31 AM, 21 Jul 2022

    पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई का प्रदर्शन

    बिहार के पटना में राष्ट्रव्यापी विरोध के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई ने सोनिया गांधी के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।

  • 11:25 AM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ संसद में विरोध प्रदर्शन किया

    नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ को लेकर कांग्रेस सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ संसद में विरोध प्रदर्शन किया।

  • 11:18 AM, 21 Jul 2022

    महामानव नहीं हैं सोनिया गांधीः प्रल्हाद जोशी

    लोकसभा में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि कानून के सामने सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक महामानव नहीं है वे भी आम इंसान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोच रही है कि वे कानून से ऊपर है।

  • 11:11 AM, 21 Jul 2022

    देश को गुमराह करना चाहती है कांग्रेस

    केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को सड़क पर इसलिए उतार रही है ताकि जिस मामले में ईडी ने बुलाया है लोगों का ध्यान उधर से भटकाया जाए।

  • 10:50 AM, 21 Jul 2022

    हमारी जगह होते को आगजनी करते- गहलोत

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार ईडी सहित केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। यह इस बात का संकेत है कि लोकतंत्र खतरे में है। हमारी लड़ाई देश को बचाने की है। आज हमारी जगह होते तो आगजनी करते।

  • 10:37 AM, 21 Jul 2022

    लोकतंत्र को कुचला जा रहा हैः अशोक गहलोत

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी से पहले सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है। और इसी के चलते संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है।

  • 10:30 AM, 21 Jul 2022

    विपक्ष मुक्त भारत का सपना देख रही है भाजपाः कांग्रेस

    कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और पवन खेड़ा ने आज सोनिया गांधी की ईडी के समक्ष पेशी के विरोध में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान खेड़ा ने कहा कि सरकार एजेंसियों का उपयोग विपक्ष के खिलाफ बदले की कार्रवाई के तहत कर रही है।

  • 10:19 AM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी जांच का विरोध किया। सोनिया कुछ ही देर में नेशनल हेराल्ड मामले में जांच एजेंसी के सामने पेश होने वाली हैं।

  • 10:15 AM, 21 Jul 2022

    रविशंकर प्रसाद का राहुल-सोनिया पर हमला

    सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी से पहले इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस का सत्याग्रह नहीं बल्कि देश और देश के कानून के खिलाफ दुराग्रह है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले में आरोपी हैं और वे दोनों जमानत पर हैं।

  • 09:56 AM, 21 Jul 2022

    सोनिया गांधी के घर पहुंची प्रियंका

    प्रियंका गांधी सोनिया गांधी के घर पहुंच गई हैं। बता दें कि राहुल और प्रियंका दोनों सोनिया गांधी के साथ ईडी मुख्यालय जाएंगे।

  • 09:40 AM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में किया प्रदर्शन

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में सोनिया गांधी के ईडी के सामने पेशी के विरोध में नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के प्रति अपनी एकजुटता दिखाई।

  • 09:30 AM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस कार्यकर्ता ने शुरू किया प्रदर्शन

    कांग्रेस कार्यकर्ता सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी के विरोध में आज अकबर रोड AICC मुख्यालय प्रदर्शन करते दिखे। बता दें कि आसपास के क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए हैं।

  • 09:20 AM, 21 Jul 2022

    सोनिया के साथ राहुल और प्रियंका गांधी भी जाएंगे

    सोनिया गांधी की ई़डी के समक्ष आज पेशी के दौरान उनके साथ राहुल और प्रियंका गांधी भी जाएंगे। बता दें कि कांग्रेस आज देशभर में ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रही है।

  • 09:08 AM, 21 Jul 2022

    विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है सरकारः हरीश रावत

    कांग्रेस नेता हरीश रावत ने आज सोनिया गांधी के ईडी के सामने पेशी का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र को कुचला चाहती हैं और विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।

  • 09:01 AM, 21 Jul 2022

    कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने ईडी के दुरुपयोग पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी के सामने पेश होंगी। इसी के मद्देनजर संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने ईडी के दुरुपयोग पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है।

  • 08:53 AM, 21 Jul 2022

    इन मार्गों पर जाने से बचने की सलाह

    दिल्ली पुलिस ने जिन मार्गों से बचने की एडवाइजरी जारी की है उनमें गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू- प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन शामिल है। यह सुबह 9 से दोपहर 2 बजे के बीच बंद रहेंगे।

  • 08:44 AM, 21 Jul 2022

    दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की नेशनल हेराल्ड मामले में आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेशी होनी है। इसके चलते राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों को डायवर्ट किया जा रहा है और बैरिकेड्स लगाए गए हैं।

  • 08:35 AM, 21 Jul 2022

    राहुल गांधी से पेशी के दौरान पूछे गए सवाल सोनिया गांधी से भी पूछे जा सकते

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज नेशनल हेराल्ड मामले की जांच में शामिल होने के लिए ईडी के सामने आज सुबह 11 बजे पेश होंगी। उनसे संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी की एक टीम पूछताछ करेगी। जिसमें एक महिला भी शामिल है। ईडी के सूत्रों के अनुसार उनसे वही सवाल पूछे जाएंगे जो राहुल गांधी से उनकी पांच दिनों की पूछताछ के दौरान पूछे गए थे।

  • 08:20 AM, 21 Jul 2022

    कई नेता और सांसद देशभर में करेंगे विरोध प्रदर्शन

    नेशनल हेराल्ड मामले में आज सोनिया की ईडी के सामने पेशी के चलते पार्टी नेताओं और सांसदों ने भाजपा नीत सरकार की प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है।