News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi:बढ़ सकती है मृतकों की संख्या; मुंडका अग्निकांड से NDMC ने सीखा सबक, आयुक्त ने दिया ये आदेश


नई दिल्ली, । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुंडका इलाके की बिल्डिंग में लगी आग ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आग में जलकर अभी तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें ज्यादातर लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि राहत बचाव कार्य पूरा हो गया है। 12 घायलों को ग्रीन कारिडोर बनाकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारी ने बताया कि अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 30 भी हो सकती है। दरअसल, हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जिनमें सात लोगों की पहचान हुई है। अभी तक 29 लोग लापता हैं, इनमें 24 महिलाएं व 5 पुरुष शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान तानिया भूषण, मोहिनी पाल, यशोदा देवी, रंजू देवी, विशाल मिथलेश, कैलाश ज्यानि और दृष्टि के रूप में हुई है।

 

नार्थ डीएमसी के आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मुंडका अग्निकांड से उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने सबक लेते हुए आयुक्त संजय गोयल ने निगम के सभी छह जोनों के अधिकारियों को निर्देश दिया है, कि वो अपने जोन में पता लगाएं कि अनुरूप क्षेत्रों में कितनी इमारतों में औद्योगिक/निषिद्ध गतिविधि चल रही है। ताकि इनकी पहचान कर दंडात्मक कार्रवाई की जा सके। आयुक्त ने 10 दिन में ये रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

शुक्रवार शाम चार बजे लगी थी आग

मुंडका इलाके के मेट्रो स्टेशन के पास चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में शुक्रवार को चार बजे आग लगी थी। लापता और घायल हुए लोगों के परिजन रात से ही अस्पताल के बाहर अपनों का इंतजार कर रहे हैं। ज्यादार शव इतने जल गए हैं, कि परिजन अपनों को नहीं पहचान पा रहे हैं। अस्पताल परिसर में मौजूद लोग अपने लापता जान-पहचान के लोगों के लौट आने का इंतजार कर रहे हैं।