Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi : भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप- घोटालों पर साध लेते हैं चुप्पी


नई दिल्ली, भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर जनता से जुड़े प्रश्नों का जवाब नहीं देने का आरोप लगाया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा (BJP Delhi) अध्यक्ष आदेश गुप्ता (Aadesh Gupta) ने कहा कि मुख्यमंत्री ना घोटाले से संबंधित सवालों का जवाब देते हैं और ना जनता की समस्याओं पर कुछ बोलते हैं।

सवाल पूछने पर बैठक छोड़कर चले जाते  हैं

आदेश गुप्ता ने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा (Delhi Vidhansabha) क्षेत्र के स्कूलों की दशा सुधारने व सफाई कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित सवाल पूछे जाने पर अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) की बैठक को छोड़कर चले जाते हैं।

सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी की?

आदेश गुप्ता ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि होने के नाते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बताना चाहिए कि यहां रहने वाले सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए उन्होंने क्या किया है? पिछले दिनों उन्होंने सफाई कर्मचारियों (Safai Karmcharies) से मिलने से इनकार कर दिया था।

सवालों के जवाब तक नहीं देते हैं केजरीवाल

वहीं, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल न तो विधानसभा में और न ही एनडीएमसी की बैठक में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हैं। एनडीएमसी (NDMC) की बैठक की अध्यक्षता करने वाले मुख्यमंत्री को सदस्यों के सवालों का जवाब देना चाहिए। इसके विपरीत वह सदस्य कुलजीत सिंह चहल (Kuljeet Singh Chahal) द्वारा सवाल पूछने पर बैठक छोड़कर चले जाते हैं।

केजरीवाल एनडीएमसी का सदस्य रहने का अधिकार नहीं : कुलजीत सिंह चहल

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को अब एनडीएमसी का सदस्य रहने का अधिकार नहीं है। भविष्य में नई दिल्ली की सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को एनडीएमसी काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करनी चाहिए जिससे कि सदस्यों को उनके प्रश्नों का जवाब मिल सके।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की स्थिति को लेकर सूचना के अधिकार से मिली जानकारी पर वह मुख्यमंत्री से जवाब चाहते थे। दिल्ली से गुजरात तक दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था का प्रचार करने वाले अरविंद केजरीवाल अपने विधानसभा क्षेत्र में छात्रों की परेशानी पर जवाब नहीं दिया।