News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

G-20 के लोगो में कमल पर सियासी तकरार,


नई दिल्ली, । जी-20 के लोगो में कमल के इस्तेमाल को लेकर सियासी घमासान हो रहा है। कांग्रेस ने इसको लेकर भाजपा पर वार किया है। कांग्रेस ने कहा कि जी-20 के लोगो में भाजपा के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करना चौंकाने वाला है। वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पीएम मोदी का एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें वह जी-20 के लोगो में कमल के इस्तेमाल की वजह बता रहे हैं।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि ये चौंकाने वाला था कि जी-20 के लोगो में भाजपा के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल किया गया। पीएम मोदी और उनकी पार्टी खुद का प्रचार करने का कौई मौका नहीं गंवाएगी। उन्होंने कहा कि 70 साल पहले नेहरू जी ने कांग्रेस के झंडे को भारत का झंडा बनाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। अब, भाजपा का चुनाव चिह्न जी-20 का आधिकारिक लोगो बन गया है।

jagran

भाजपा का पलटवार

वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 1950 में कांग्रेस सरकार ने कमल को राष्ट्रीय पुष्प घोषित किया था। 1954 में जयराम का जन्म हुआ। भगवान को पता है कि कांग्रेस राष्ट्रीय प्रतीक को बदनाम और कमजोर करने का विकल्प क्यों चुनती है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस को पीएम मोदी को ध्यान से सुनना चाहिए। पता चलेगा कि जी-20 लोगो में कमल को क्यों शामिल किया गया है।

15-16 नवंबर को होगी G20 की बैठक

गौरतलब है कि 15-16 नवंबर को जी 20 की बैठक होगी। जी-20 में अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मेक्सिको, रूस, सउदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्कीए, ब्रिटेन, अमेरिका व यूरोपीय संघ शामिल हैं।