News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Gujarat : अमित शाह आज करेंगे भाजपा कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता,


नई दिल्ली, । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को गुजरात भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। बैठक में शामिल होने के लिए गुजरात भाजपा कोर कमेटी के सभी नेता दिल्ली पहुंच गए हैं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैं। मुख्यमंत्री पटेल के आज दिल्ली में भाजपा के कई शीर्ष नेताओं से भी मिलने की उम्मीद है। इससे पहले सोमवार को देर रात तक अमित शाह के आवास पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल और गुजरात के मुख्यमंत्री के साथ अहम बैठक हुई।

बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक

इस बीच, आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा बुधवार शाम को अपनी केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक करेगी।

पीएम मोदी, जेपी नड्डा और सीएम भूपेंद्र पटेल होंगे शामिल

यह बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल और सीईसी और राज्य इकाई के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में होगी। बैठक दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में निर्धारित है।

jagran

राज्य के पार्टी मुख्यालय पर भी हो चुकी है बैठक

समाचार एजेंसी एएनआइ ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि बैठक का प्रारंभिक दौर राज्य के पार्टी मुख्यालय गांधीनगर में तीन दिन पहले हुआ। इस दौरान उम्मीदवारों की एक शॉर्टलिस्ट पहले ही तैयार की जा चुकी है। इस लिस्ट को केंद्रीय चुनाव समिति को विचार और अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली लाया गया है।

गुजरात है भाजपा का गढ़

बता दें कि गुजरात दशकों से भाजपा का गढ़ बना हुआ है। भाजपा अब अपना यहां छठा कार्यकाल चाहती है। प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेन्द्र मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं।

jagran

गुजरात में दो चरणों में होगा मतदान

3 नवंबर को भारत के चुनाव आयोग ने गुजरात के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा की है। यहां दो चरणों में क्रमश: एक दिसंबर और पांच दिसंबर को मतदान होगा। पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान होगा जबकि दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होगा। 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त हो रहा है।

गुजरात में तीन पार्टियों के बीच है लड़ाई

गुजरात राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पार्टी के बीच पारंपरिक आमना-सामना हुआ है। हालांकि, आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की एक नई पार्टी चुनावी मैदान में नजर आ रही है।