News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Gujarat Assembly Election: भाजपा- कांग्रेस में 40 सीट पर फंसा पेंच,अमित शाह ने शुरू किया डैमेज कंट्रोल


 अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा के बाद दोनों ही प्रमुख दलों में विरोध व बगावत नजर आ रही है। केंद्रीय ग्रह एवं सहकार मंत्री अमित शाह तीन दिन से लगातार प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ बैठकें कर डैमेज कंट्रोल कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस में कलह मची है। राज्य में भाजपा का 4 जबकि कांग्रेस का 36 सीट पर पेंच फंसा है।

36 सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस असमंजस की स्थिति में

अहमदाबाद की वटवा व जमालपुर खाडिया, वडोदरा की डभाई, भरुच की अंकलेश्वर सीट पर कांग्रेस घोषित प्रत्याशियों के खिलाफ कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है, जिसके कारण पार्टी में कलह मचा है। पाटण की बायड सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र सिंह वाघेला कांग्रेस से दावेदारी जता रहे हैं, जबकि कांग्रेस नेता जसुभाई पटेल उनको टिकट देने के विरोध में हैं। पूर्व विधायक महेंद्रसिंह ने गत दिनों कांग्रेस में घरवापसी की थी।

वटवा सीट पर बाहरी व्यक्ति बलवंतसिंह को टिकट देने का विरोध स्थानीय कांग्रेस नेता कर रहे हैं, जबकि जमालपुर खाडिया में दो मुस्लिम नेताओं में आपस में ठन गई है। कांग्रेस ने वर्तमान विधायक इमरान खेडावाला को टिकट दिया है, जिसका शाहनवाज शेख विरोध कर रहे हैं। वडोदरा की डभोई सीट पर 700 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गये। वहीं भरुच जिले की अंकलेश्वर सीट पर घोषित उम्मीदवार के विरोध में पूर्व विधायक मगनभाई पटेल पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गये। कांग्रेस अभी भी 36 सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर असमंजस की स्थिति में है।

भाजपा की चार सीटों पर फंसा पेंच

पाटण जिले की बायड सीट पर भाजपा ने भिखीबेन परमार को टिकट दिया है, जिसका पूर्व विधायक धवल सिंह झाला विरोध कर रहे हैं। उधर, गांधीनगर उत्तर सीट पर पूर्व महापौर रीटाबेन पटेल को टिकट देने का पार्टी नेता विरोध कर रहे हैं। दोनों सीटों के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय एकत्र होकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह से उम्मीदवार बदलने की गुहार लगा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, प्रदेश महामंत्री प्रदीपसिंह वाघेला आदि नेताओं के साथ बीते तीन दिन से बैठकें कर कुछ सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के विरोध को लेकर डैमेज कंट्रोल शुरू किया। भाजपा में खेरालू, माणसा, गरबाडा व मांजलपुर सीट पर पेंच फंसा है।