Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Himachal Election : एक महीना छराबड़ा में रहने के बाद दिल्‍ली लौटीं प्रियंका गांधी


शिमला, हिमाचल प्रदेश में करीब एक माह तक निजी आवास छराबड़ा में रहने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली लौट गई हैं। चुनावी थकान मिटाने के बाद सुबह सड़क मार्ग से प्रियंका गांधी चंडीगढ़ रवाना हो गई हैं। प्रियंका गांधी ने अकेले ही हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रचार की कमान संभाली और पांच रैलियां व रोड शो किए, इस बीच सोनिया गांधी भी शिमला आई लेकिन उन्होंने चुनावी प्रचार नहीं किया।

हिमाचल के चुनावों की पूरी कमान प्रियंका गांधी ने संभाली

इस बार हिमाचल के चुनावों की पूरी कमान प्रियंका गांधी ने संभाल रखी, हिमाचल में उन्होंने ही गांधी परिवार की ओर से चुनावी रैलियां की थी। चुनावों के दौरान हालांकि सोनिया गांधी भी शिमला में मौजूद रहीं, लेकिन प्रचार से वे दूर ही रहीं। वहीं प्रियंका गांधी के पति रोबर्ट वाड्रा कुछ दिन पहले ही वापस लौटे थे। इससे पहले भी अक्तूबर महीने में सोनिया गांधी 10 अक्टूबर को शिमला आई थीं। छह दिन तक छुट्टियां मनाने के बाद प्रियंका के साथ 16 अक्टूबर को दिल्ली लौटी थीं। इस बार प्रियंका गांधी शुक्रवार को सुबह छह बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गई।