News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Himachal Election : कांगड़ा की 15 सीट पर सबकी नजर, मोदी सहित इन स्‍टार प्रचारकों ने झोंकी ताकत


धर्मशाला, Himachal Pradesh Election 2022, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनाव को लेकर वीरवार शाम प्रचार थम गया है। अब कल होने वाले मतदान की तैयारी है। जिला कांगड़ा की 15 सीटों पर सबकी नजर है। यह जिला प्रदेश की सत्‍ता की सीढ़ी माना जाता है। यही कारण रहा कि भाजपा व कांग्रेस ने इस जिले को ज्‍यादा तवज्‍जो दी। यहां दोनों दलों ने सबसे ज्‍यादा रैलियां की हैं।

भाजपा के इन दिग्‍गजों ने की रैलियां

जिला कांगड़ा में सबसे अधिक स्टार प्रचारक भाजपा की ओर से रहे। जिनमें बुधवार को जिला कांगड़ा के चंबी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली थी। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन बार जिला कांगड़ा में अपनी चुनावी जनसभाओं को लेकर तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने धर्मशाला में भाजपा नेताओं के साथ फतेहपुर में जनसभा को संबोधित किया है। जिला कांगड़ा में भाजपा के स्टार प्रचारकों की एक लंबी फेहरिस्त रही है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कपड़ा एंव बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, नितिन गड़करी, अनुराग ठाकुर सहित उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  स्टार प्रचारक के रूप में मौजूद रहे।

कांग्रेस के ये चेहरे रहे जनता के बीच

कांग्रेस से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला स्टार प्रचारक के रूप में जिला कांगड़ा में मौजूद रहे।

कौन नेता रहा किस विधानसभा क्षेत्र में

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बुधवार को ही भाजपा जिला संगठनात्मक जिला कांगड़ा में भाजपा की जीत का आधार मांगा था। वहीं गृह मंत्री अमित शाह धर्मशाला, नगरोटा बगवां, देहरा व सुलह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैजनाथ, देहरा व जयसिंहपुर, समृति ईरानी इंदौरा व जसूर, नितिन गड़करी कांगडा, अनुराग ठाकुर ज्वालामुखी व देहरा, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पालमपुर, ज्वालामुखी व जवाली में अपनी चुनावी जनसभाएं कर चुके हैं। वहीं अगर देखें तो जिला कांगड़ा में कांग्रेस से प्रियंका गांधी वाड्रा व सचिन पायलट के अलावा कोई भी बड़ा चेहरा स्टार प्रचारक के रुप में जिला में कांगड़ा में नहीं आ पाया है। प्रियंका गांधी वाड्रा की एक बडी रैली जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में हुई थी।

अंतिम दिन इन्‍होंने झोंकी ताकत

वीरवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जिला कांगड़ा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी जनसभाएं रहीं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने फतेहपुर व गृह मंत्री अमित शाह ने सुलह विस के दैहण में अपनी-अपनी चुनावी जनसभाएं कीं। वहीं कांग्रेस की ओर से सचिन पायलट वीरवार को जिला कांगड़ा में कांग्रेस की ओर से स्टार प्रचारक रहे।