Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Himachal Election : भाई विक्रमादित्‍य के चुनाव प्रचार को मैदान में डटी पटियाला राजघराने की बहू अपराजिता


शिमला,  हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोर पकड़ने लगा है। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होना है। अब चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस और भाजपा समेत अन्य पार्टियां जोर-शोर से चुनाव प्रचार कर रही हैं। पटियाला राजघराने में ब्याही गई हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र की बेटी अपराजिता सिंह भी प्रचार में उतर गई हैं। वह अपने छोटे भाई व शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह के लिए प्रचार कर रही हैं।

पार्टी के स्‍टार प्रचारक भी हैं विक्रमादित्‍य

विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह पार्टी के स्टार प्रचारक भी हैं। यानि वह प्रदेश में प्रचार करेंगे और उनका विधानसभा हलका बहन अपराजिता सिंह संभालेंगी। वीरवार को अपराजिता की चायली, लोअर सांगटी, नेरी में जनसभाएं हुईं।

jagran

भाजपा के रवि मेहता से है विक्रमादित्‍य का मुकाबला

इस सीट पर विक्रमादित्य सिंह का मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार रवि मेहता से है। अपराजिता की शादी पटियाला के राजघराने में हुई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने जब पहला चुनाव लड़ा था, तब प्रचार की कमान अपराजिता ने ही संभाली थी।

बीते चुनाव में भी संभाल चुकी हैं कमान

वीरभद्र सिंह की सबसे छोटी बेटी अपराजिता पिछली बार भी अपने भाई का चुनाव प्रचार कर चुकी हैं। शिमला ग्रामीण में वह पहले भी कमान संभाल चुकी हैं। अपराजिता का विवाह पंजाब के राजघराने में हुआ है। माना यह जा रहा है कि अपराजिता के शिमला ग्रामीण आने के बाद अब विक्रमादित्य जिला से लेकर राज्य भर के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे और कांग्रेस के प्रचार को धार दे सकेंगे।

मां और पुत्र की सबसे ज्‍यादा डिमांड

विक्रम‍ादित्‍य सिंह की माता और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह हिमाचल में कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रचार कर रही हैं। राज्य में कांग्रेस के प्रत्याशियों की ओर से सबसे ज्यादा डिमांड प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य की ही प्रचार के लिए आ रही है। इसलिए पार्टी ने इन दोनों को राज्य भर में चुनाव के लिए भेजने का प्लान तैयार किया है।