News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Himachal Pradesh Election : भाजपा पांच नवंबर को जारी करेगी दृष्टि पत्र


शिमला, Himachal Pradesh Election 2022, हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अपना दृष्टि पत्र पांच नवंबर को जारी करेगी। माना जा रहा है कि पार्टी ओपीएस न मिलने से नाराज कर्मचारियों को आकर्षित करने के लिए कोई घोषणा या कमेटी बनाने तक की बात कर सकती है, हालांकि जिस तरह से भाजपा के केंद्रीय मंत्री भी खुलकर इस पर कुछ कहने से गुरेज कर रहे हैं, इससे लगता है कि पूरी तरह से भाजपा देने की घोषणा तो नहीं करेगी। लेकिन कोई न कोई रास्ता निकालने की बात जरूर कर सकती है। हिमाचल में जनता को आकर्षित करने के लिए कई लुभावनी घोषणाओं पार्टी इसमें कर सकती है।

कांग्रेस दे चुकी है दस गारंटी, घोषणा पत्र पर निगाह

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अभी तक 10 गारंटी देकर लोगों को आकर्षित करने में एक बढ़त तो बना चुकी है, लेकिन कांग्रेस का भी घोषणा पत्र अभी तक नहीं आया है। कांग्रेस की ओर से भी घोषणा पत्र जारी किया जाना है, इसमें कई लोक लुभावन घोषणा जारी होंगी। यह भी तय माना जा रहा है कि इसमें ओपीएस को सबसे ऊपर रखा जाएगा, ताकि कर्मचारियों का वोट लिया जा सके। इसके जवाब में भाजपा की ओर से क्या लाया जाता है, इस पर सभी की नजरें रहेगी।

जेपी नड्डा कर सकते हैं जारी

भाजपा के इस दृष्टि पत्र को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जारी कर सकते हैं। इसके लिए हिमाचल भाजपा की ओर से उनसे समय मांगा गया है। उनसे मिलने के बाद की तारीख को जारी कर दिया जाएगा। इसमें कर्मचारी युवा, महिला व शिक्षक से लेकर हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए कई घोषणा की जाएंगी।