Latest News खेल

IPL 2022: मेगा आक्शन के लिए लिस्ट जारी, 1200 से अधिक खिलाड़ी शामिल,


नई दिल्ली, । इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) से पहले 12 और 13 फरवरी को मेगा आक्शन होना है। इस साल दो नई टीमें अहमदाबाद और लखनऊ खेलती दिखाई देंगी। ऐसे में यह सत्र काफी रोमांचक होगा। इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई बड़े नामों ने इस साल दुनिया की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नहीं खेलने का फैसला किया है। इनमें बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट और मिशेल स्टार्क जैसे नाम शामिल हैं। इन्होंने मेगा आक्शन में अपना नाम नहीं दिया  है।

रूट ने पहले घोषणा की थी कि उन्हें इंग्लैंड और टेस्ट क्रिकेट के लिए आइपीएल का त्याग करना होगा, लेकिन स्टोक्स, क्रिस गेल, आर्चर और स्टार्क की अनुपस्थिति आश्चर्यजनक है। शुक्रवार रात (22 जनवरी) को आइपीएल फ्रेंचाइजियों के साथ आक्शन के लिए साझा किए गए शुरुआती सूची में 1200 से अधिक खिलाड़ियों का नाम है।

उपलब्ध रहने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े नाम 

रिपोर्ट के अनुसार पैट कमिंस (आस्ट्रेलिया, बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये), डेविड वार्नर (आस्ट्रेलिया, 2 करोड़ रुपये), स्टीव स्मिथ (आस्ट्रेलिया, 2 करोड़ रुपये), क्विंटन डीकाक (दक्षिण अफ्रीका) , 2 करोड़ रुपये), फाफ डु प्लेसिस (दक्षिण अफ्रीका, 2 करोड़ रुपये) और मार्क वुड (इंग्लैंड, 2 करोड़ रुपये)। तेज गेंदबाज वुड पिछले साल की नीलामी में नहीं थे।

सूची में भारतीय क्रिकेट के कुछ बड़े नाम शामिल हैं। इनमें रविचंद्रन अश्विन, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, ईशान किशन, सुरेश रैना, देवदत्त पडिक्कल और हर्षल पटेल हैं। इसके अलावा दिनेश कार्तिक, भुनेश्वर कुमार, अंबाती रायुडू, क्रुणाल पांड्या, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, राबिन उथप्पा और शार्दुल ठाकुर भी हैं। इन सबका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है।

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों का नाम

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबादा (2 करोड़ रुपये) और लुंगी नगिडी (50 लाख रुपये) और मार्को जेनसेन (50 लाख रुपये) ने भी आक्शन में अपना नाम दिया है। मेगा आक्शन बैंगलोर में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मेल में नीलामी की तारीख और स्थान का उल्लेख नहीं किया है।

सूची से गायब एक और बड़ा नाम गायब

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार ड्वेन ब्रावो (2 करोड़ रुपये) ने भी अपना नाम दिया है, लेकिन सूची से गायब एक और बड़ा नाम क्रिस गेल है। गेल शुरुआत से ही आइपीएल का हिस्सा रहे हैं, लेकिन वेस्टइंडीज का यह दिग्गज खिलाड़ी निश्चित रूप से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की अंत के करीब है। बल्लेबाजी में यह देखने को भी मिलता है।

896 भारतीय खिलाड़ी और 318 विदेशी खिलाड़ी

नीलामी सूची में दर्ज 1,214 नामों में से 896 भारतीय खिलाड़ी और 318 विदेशी खिलाड़ी हैं। इस सूची में नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, स्काटलैंड और नीदरलैंड जैसे सहयोगी देशों के 270 कैप्ड, 903 अनकैप्ड और 41 खिलाड़ी शामिल हैं। अमेरिका से भी 14 खिलाड़ी हैं।

टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं

प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपनी टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी शामिल कर सकती हैं। ऐसे में नीलामी में 217 खिलाड़ी खरीदे जाएंगे। इनमें से 70 तक विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। हालांकि, सभी टीमें 25 खिलाड़ी नहीं खरीदेंगी। ऐसे में संभावना है कि कम से कम 200 के आसपास खिलाड़ी खरीदे जाएंगे।