News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Kurhani By-Election 2022: राजद के पूर्व विधायक ने CM नीतीश को ललकारा,


पटना, कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव (Kurhani By-Election 2022) में भाजपा से हार मिलने के बाद महागठबंधन में एक बार फिर दरार पड़ती दिख रही है। राजद (RJD) के हाथ से विनिंग सीट निकल गई, जिसके कारण जदयू पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। अब कुढ़नी के पूर्व विधायक अनिल कुमार सहनी (Anil Kumar Sahani) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को इस हार का जिम्मेदार ठहराया है। कुढ़नी से राजद के पूर्व विधायक अनिल कुमार सहनी ने शुक्रवार को कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘नैतिक आधार’ पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

राजद नेता ने नीतीश कुमार को ठहराया हार का जिम्मेदार

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अनिल सहनी ने कहा कि कुढ़नी में महागठबंधन की नहीं, बल्कि नीतीश कुमार की हार हुई है। नीतीश कुमार राजद की एक सीट हार गए। कुढ़नी की जनता ने उन्हें सबक सिखाया है। अनिल सहनी ने कहा कि अगर नीतीश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद सौंप देना चाहिए।

कुढ़नी में भाजपा ने महागठबंधन को दिया झटका

विदित हो कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव में कुढ़नी सीट पर राजद उम्मीदवार अनिल कुमार सहनी की जीत हुई थी। मगर भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते राजद के अनिल सहनी को विधायकी से बर्खास्त कर दिया गया, जिसके कारण उपचुनाव की नौबत आ गई। ऐसे में सत्तारूढ़ महागठबंधन के सामने इस सीट को बचाने की चुनौती थी।

पांच गुना वोटों के अंतर से भाजपा ने दी शिकस्त

गौरतलब है कि आठ दिसबंर को कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित हुए, जिसमें भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। भाजपा के उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने महागठबंधन समर्थित जदयू उम्मीदवार को 3632 मतों से पराजित किया। कांटे के संघर्ष में भाजपा उम्मीदवार को 76648 तो जदयू प्रत्याशी को 73016 वोट मिले। 2020 के विधानसभा चुनाव में अनिल सहनी ने जहां भाजपा के उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता को 712 मतों से हराया था, तो वहीं इस बार जदयू को इसके पांच गुना वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।