News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Loksabha: खंडवा से खुशाल ठाकुर BJP उम्मीदवार, अन्य सीटों के लिए भी प्रत्याशी तय हुए


  1. नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को केंद्र शासित प्रदेश दादर एवं नागर हवली, मध्य प्रदेश एवं हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की तीन सीटों एवं अलग-अलग राज्यों में विधानसभा की 16 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इन सभी सीटों पर 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। इन सीटों के लिए मतगणना दो नवंबर को होगी। पार्टी ने मध्य प्रदेश की खंडवा सीट से ज्ञानेश्वर पाटील को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर प्रत्याशी होंगे। दादर एवं एवं नागर हवेली लोकसभा सीट से महेश गावित उम्मीदवार होंगे।

खंडवा सीट से ज्ञानेश्वर पाटिल होंगे उम्मीदवार

खंडवा लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने ज्ञानेश्वर पाटिल को टिकट दिया है जबकि तीन विधानसभा सीटों: जोबट से उपचुनाव के लिए सुलोचना रावत, रैगांव से प्रतिमा बागरी तथा पृथ्वीपुर से शिशुपाल सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के कारण खंडवा लोकसभा सीट पर उपचुनाव करना पड़ रहा है। भाजपा ने उनके पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान को टिकट नहीं देते हुए खंडवा जिला पंचायत के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं खंडवा लोकसभा सीट से कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजनायण सिंह पूर्णी को मैदान में उतारा है।

राजस्थान विस सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार

भाजपा ने राजस्थान के वल्लभनगर (उदयपुर), और धारियावाद (प्रतापगढ़) विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा की है। भगवा पार्टी ने वल्लभनगर (उदयपुर) सीट पर हिम्मत सिंह झाला और धारियावाद (प्रतापगढ़) के लिए खेत सिंह मीना को उम्मीदवार बनाया है। धारियावाद से भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा और वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हो गया था।

हिम्मत सिंह झाला को टिकट

पार्टी ने धारियावाद से गौतम लाल मीना के परिवार के सदस्य को टिकट देने की बजाय अन्य नेता खेत सिंह मीना को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार खेत सिंह को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का समर्थन प्राप्त है। वहीं वल्लभनगर (उदयपुर) सीट पर पार्टी ने स्थानीय राजपूत उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला को टिकट दिया है। कांग्रेस ने अभी तक दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।