News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

Maharashtra: मुंबई में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पोस्टर पर फेंकी गई काली स्याही,


मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के माहिम बस स्टाप पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के पोस्टर पर काली स्याही फेंकी गई है। बता दें, इन दिनों महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सीमा विवाद पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर निशाना भी साधा था।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सीमा के मुद्दों पर अपना बयान दे रहे हैं। ऐसा लगता है, जैसे उन्हें अचानक महाराष्ट्र के 40 गांवों पर दावा करने के लिए बाध्य किया गया है?’ इससे पहले, महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता अजीत पवार ने भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की टिप्पणी की निंदा की और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से ‘कड़ा जवाब देने’ की मांग की।

शिंदे में बोम्मई के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं

दरअसल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कुछ दिन पहले कहा था कि महाराष्ट्र के सांगली जिले के करीब 40 गांव कर्नाटक में शामिल किए जाने का प्रस्ताव पास कर चुके हैं। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके बाद, बोम्मई ने सोलापुर जिले एवं स्वामी समर्थ के तीर्थ क्षेत्र अक्कलकोट पर भी कर्नाटक का दावा पेश कर दिया। इस पर उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिंदे में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं है।

उद्धव ने कहा कि क्या हम अपना साहस खो बैठे हैं, जो कर्नाटक के मुख्यमंत्री लगातार महाराष्ट्र के गांवों पर अपना दावा ठोंकते जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या कर्नाटक के मुख्यमंत्री को दिल्ली का आशीर्वाद प्राप्त है ? क्या केंद्र भी वही चाहता है, जो कर्नाटक के मुख्यमंत्री कह रहे हैं ?