Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

MP: विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले खरगापुर विधायक राहुल सिंह लोधी ने ली राज्यमंत्री पद की शपथ


टीकमगढ़, । खरगापुर विधायक राहुल सिंह लोधी को शिवराज सिंह चौहान सरकार के कैबिनेट में शामिल किए जाने की अटकलों पर विराम लग गया है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे राहुल सिंह लोधी को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल बना हुआ है।

बता दें कि बीते बुधवार (23 अगस्त) को राहुल सिंह लोधी भोपाल के लिए रवाना हो गए थे। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिवराज सरकार का तीन मंत्रियों को अपने मंत्रीमंडल में शामिल करना काफी अहम माना जा रहा है।

कौन है राहुल सिंह लोधी?

टीकमगढ़ नगर में जन्में राहुल सिंह लोधी ने बीएम और एमए की डिग्री हासिल की है। पिता एसपी सिंह पीडब्ल्यूडी विभाग से रिटायर्ड सब इंजीनियर है। राहुल की पत्नी उमिता सिंह राजपूत जिला पंचायत टीकमगढ़ में अध्यक्ष पद पर काबिज हैं।

 

खरगापुर सीट से दो बार लड़ा चुनाव

खरगापुर विधानसभा सीट से राहुल ने दो बार चुनाव लड़ा। 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राहुल को उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतारा था। कांग्रेस की तरफ से प्रत्याशी चंदा सुरेंद्र सिंह गौर ने राहुल को करीब 3500 वोटों से चुनाव हरा दिया था। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से राहुल ने कांग्रेस की चंदा सुरेंद्र सिंह गौर को करीब 12 हजार वोटों से हराया था। राहुल को एक कद्दावर नेता के रूप में पहचान मिली है।

शिवराज कैबिनेट में एक खाली सीट किसकी?

इस समय शिवराज कैबिनेट में 31 सदस्य हैं और नियम के मुताबिक अभी चार मंत्रियों को पद में शामिल किया जा सकता हैं। तीन मंत्रियों को पद दिया जा चुका है, वहीं एक अन्य के लिए भाजपा किसी आदिवासी या अनुसूचित जाति के विधायक को शपथ दिला सकती है। हालांकि, अब तक किसी भी नाम पर सहमति नहीं बन पाई है।