Latest News नयी दिल्ली महाराष्ट्र

Mumbai : नौसेना के नाविक ने जहाज पर की आत्महत्या, जांच का आदेश


मुंबई, भारतीय नौसेना के एक 25 वर्षीय नाविक ने मुंबई बंदरगाह पर एक जहाज पर अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना शनिवार दोपहर नौसैनिक युद्धपोत आइएनएस चेन्नई पर हुई, जो कोलकाता श्रेणी का स्टील्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक है। इसके बाद नौसेना ने घटना की जांच के आदेश दिए।

पिस्तौल बरामद, मामला दर्ज

प्रेट्र के मुताबिक, नाविक जहाज पर एक अलग डिब्बे में गया और कथित तौर पर अपनी 9 एमएम सर्विस पिस्टल से खुद को सीने में गोली मार ली। अधिकारी ने कहा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के पीछे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस को संदेह है कि नाविक ने कुछ घरेलू मामलों के कारण यह कदम उठाया होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, एक मैगजीन और एक खोखा बरामद किया है। उन्होंने कहा कि आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मुंबई एयरपोर्ट पर 35 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने शुक्रवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक यात्री को 35 करोड़ रुपये मूल्य की 4.98 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। सूचना मिली थी कि यात्री देश में मादक पदार्थ की खेप की तस्करी कर रहा है, जिसके बाद अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी। एक अधिकारी ने बताया कि नैरोबी (केन्या) से मुंबई पहुंचे व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका गया। उसके सामान की तलाशी लेने पर अधिकारियों ने ट्राली बैग में 4.98 किलोग्राम सफेद रंग का पाउडर बरामद किया। परीक्षण करने पर पता चला कि यह हेरोइन थी।