Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab : चन्नी ने भंगड़ा डाल विरोधियों को ललकारा


जालंधर। शुक्रवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने रैली और रोड शो के जरिये मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। अगर दोआबा क्षेत्र की बात की जाए यहां की 5 सबसे चर्चित सीटों में एक सीएम चन्नी का विधानसभा क्षेत्र श्री चमकौर साहिब है। श्री चमकौर साहिब की अनाज मंडी में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बड़ी रैली करके विरोधियों को न सिर्फ चुनौती दी ब्लकि पंजाबी के गाने देरे यार नूं दबण नूं फिरदे ऐ पर दबदा किथे आ…पर स्टेज से भंगड़ा डाल खुद को टेंशन फ्री भी दर्शाया। चन्नी ने दावा किया कि यह एकत्रीकरण उन लोगों के लिए है जो कहते हैं चन्नी अपने हलके में हार रहे हैं।

सीएम के बेटे नवजीत सिंह नवी और कांग्रेस समर्थकों ने तीन रोड शो निकाले। चन्नी के साथ आए सिद्धू मुस्सेवाला ने अपने हिट गीतों की पहली कुछ लाइनें गाकर सुनाईं। यहां से आम आदमी पार्टी के डा. चरणजीत सिंह ने श्री चमकौर साहिब और मोरिंडा में घर-घर जाकर प्रचार किया। भाजपा के दर्शन सिंह शिवजोत ने मोरिंडा और श्री चमकौर साहिब में घूमकर घर-घर प्रचार किया।

2-नवांशहर में चला रोड शो का दौर

नवांशहर में कांग्रेस के सतवीर सिंह ने रोड शो निकाला। दोपहर करीब 12 बजे निकले इस रोड शो में सबसे आगे सतवीर बैठे थे व लोग उन पर फूलों की वर्षा कर रहे थे। करीब तीन किलोमीटर तक रोड शो निकाला गया। सतवीर के प्रचार के लिए कोई भी स्टार प्रचारक नवांशहर में नही आया। नवांशहर में ही आजाद प्रत्याशी अंगद का रोड शो निकला। भाजपा की पूनम माणिक की ओर से दोपहर के समय रोड शो निकाला गया। शाम को अकाली बसपा के उम्मीदवार नछत्तर पाल ने रोड शो निकाल कर अपनी ताकत दिखाई।

होशियारपुर में बेटियों के साथ डोर – टु – डोर चुनाव प्रचार करते हुए सुंदर शाम अरोड़ा।

3-होशियारपुर में अरोड़ा ने बेटियों के साथ किया प्रचार

होशियारपुर में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा और भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद में कड़ा मुकाबला है। शुक्रवार को अरोड़ा ने बेटियों और समर्थकों के साथ बाजारों में प्रचार किया। उन्होंने शुक्रवार को कुल दस बैठकें की। तीक्ष्ण सूद ने समर्थकों के साथ बाजारों में रोड शो निकाला। अंतिम दिन आठ बैठकें की। आप उम्मीदवार ब्रह्म शंकर जिंपा ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकते हुए विभिन्न स्थानों पर बारह बैठकें की। बसपा उम्मीदवार वरिंदर परिहार ने अंतिम दिन दस चुनावी बैठकें कर अपने प्रचार में जान फूंकने का काम किया।

4-पठानकोट में अश्वनी शर्मा ने अंतिम दिन की छोटी बैठकें

पठानकोट के भाजपा प्रत्याशी अश्विनी शर्मा ने अंतिम दिन छोटी बैठकों पर ही जोर रखा। अश्विनी शर्मा दोपहर साढ़े तीन बजे महिला मोर्चा की ओर से निकाले गए रोड शो में भी हुए शामिल। कांग्रेस प्रत्याशी अमित विज ने बार एसोसिएशन के साथ बैठक के बाद करीब आधा दर्जन छोटी बैठकें की। उनकी पत्नी व परिवार भी चुनाव प्रचार में जुटे रहे। वे शाम छह बजे तक बाजारों में कर रहे थे लोगों से संपर्क। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विभूति शर्मा ने शहर में छोटी बैठकें कर चुनाव प्रचार किया। विभूति की पत्नी व बेटा भी प्रचार में डटे रहे और गांवों में जाकर प्रचार किया। अकाली-बसपा प्रत्याशी एडवोकेट ज्योति पाल ने शहर में छोटी बैठकें कर और डोर-टू-डोर प्रचार कर लोगों से बदलाव के लिए वोट मांगे।

5-फगवड़ा में सभी प्रत्याशियों ने की जनसभाएं

फगवाड़ा में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रमुख प्रत्याशियों ने जनसभाएं की। भाजपा प्रत्याशी विजय सांपला ने चार जनसभाओं में हिस्सा लिया। इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी बलविंदर सिंह धालीवाल ने भी नुक्कड़ सभाएं करके अपना प्रचार किया। आप प्रत्याशी पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान ने भी कई स्थानों पर जनसभाएं की। अकाली दल – बसपा गठबंधन ने यहां बसपा प्रदेश प्रमुख जसवीर सिंह गढ़ी को मैदान में उतारा है। उन्होंने जनसभाओं के जरिये मतदाताओं से संपर्क साधा।