Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab : प्रियंका गांधी ने लिखी नवजोत सिंह सिद्धू को चिट्ठी


 चंडीगढ़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा पटियाला जेल में बंद पार्टी के पूर्व पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को चिट्ठी भेजे जाने की चर्चा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक चिट्ठी में लिखा गया है कि सजा के बाद सिद्धू को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि रोड रेज के 34 साल पुराने केस में नवजोत सिंह सिद्धू इस समय पटियाला जेल में एक वर्ष की सजा काट रहे हैं। सिद्धू मई 2022 में जेल गए थे और वह छह महीने की सजा पूरी कर चुके हैं। मई 2023 में सजा पूरी होने के बाद वह जेल से रिहा हो जाएंगे। इसके बाद वह फिर से पार्टी में किसी बड़ी भूमिका में नजर आ सकते हैं।

इसी वर्ष फरवरी में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव के समय सिद्धू पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे, लेकिन कांग्रेस ने यह चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर लड़ा था। इसे लेकर सिद्धू और चन्नी के बीच मतभेद भी सामने आए थे। चुनाव में चन्नी दो सीटों से मैदान में उतरे, लेकिन दोनों ही सीटों से हार गए।

वहीं सिद्धू ने अमृतसर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, जहां वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार जीवनजोत कौर मैदान में थीं। इस सीट पर जीवनजोत कौर ने जीत दर्ज की। वहीं पंजाब में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष पद से सिद्धू से इस्तीफा ले लिया था। बाद में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंप दी गई थी।