Latest News नयी दिल्ली पंजाब

Punjab: लुधियाना में केंद्रीय सुरक्षा बलों के हवाले स्ट्रांग रूम की सुरक्षा


लुधियाना। जिले में 14 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान के बाद उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम मशीनों में कैद हो गई है। मतदान के बाद मशीनों की सुरक्षा केंद्रीय सुरक्षा बलों के हवाले कर दी गई है। जिले में अलग-अलग जगहों पर बने स्ट्रांग रूम के अंदर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और बाहर पंजाब पुलिस का सख्त पहरा है। यह सुरक्षा व्यवस्था 24 घंटे रहेगी, स्ट्रांग रूम में उम्मीदवारों के अलावा किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है और वह भी केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में ही जा सकते हैं। यहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं और इनकी 24 घंटे की वीडियोग्राफी की जा रही है ताकि किसी भी तरह की आशंका होने पर इसकी वीडियो चेक की जा सके।

लुधियाना के सुखदेव भवन के बाहर तैनात सुरक्षाबल। (जागरण)

जिला प्रशासन द्वारा यहां पर इस तरह से सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है कि परिंदे का पर मारना भी मुश्किल है। इसकी लाइव वीडियो भी जिला प्रशासन के अधिकारी रेगूलर देख रहे हैं। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा और पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने खुद इसका जायजा भी लिया है। सुरक्षा बलों में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स, बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के अलावा अन्य दलों के अफसरों को लगाया गया है।

जिले में 14 जगहों पर स्ट्रांग रूम

चुनाव के बाद जिले में अलग अलग जगहों पर 14 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। यहां पर 10 मार्च को ही काउंटिंग होगी। जिले में पंजाब एग्रीकल्चर यूनीवर्सिटी में 2, गवर्नमेंट कालेज, खालसा कालेज, जीएनई, पॉलटेक्निक कालेज रिशी नगर, खन्ना, रायकोट, जगराओं और समराला में यह स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। इन सभी की सुरक्षा का जिम्मा भले केंद्रीय रिजर्व फोर्स के हवाले है मगर संबंधित थाने, एसीपी और एडीसीपी को भी यहां पर 24 घंटे गश्त के आदेश दिए गए हैं।