News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab Budget : पंजाब की भगवंत मान सरकार के पहले बजट में कोई नया टैक्‍स नहीं , 300 यूनिट फ्री बिजली व 36000 मुलाजिम नियमित होंगे


चंडीगढ़ । Punjab Budget 2022 Live Updates : पंजाब की भगवंत मान सरकार के पहले बजट में कोई नया टैक्‍स नहीं लगाया गया है। राज्‍य के वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब विधानसभा में साल 2022-23 के लिए राज्‍य का बजट पेश किया।

पंजाब की आप सरकार का यह पहला बजट है और चीमा भी पहली बार बजट पेश किया। इस बजट में लोगाें को कई राहतें दी गई हैं। पंजाब की खराब वित्‍तीय हालत के बीच राज्‍य सरकार की कई घोषणाओंं के लिए राशि का आवंटन करना वित्‍तमंत्री के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।

वित्‍त मंत्री ने 1 जुलाई से हर घर को 300 यूनिट फ्री बिजली देने और 36000 ठेके पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने का भी ऐलान किया है। वित्‍तमंत्री हरपाल चीमा ने किसानाें और शिक्षा के लिए भी कई घोषणाएं की हैं।

  • 02:17 PM, 27 Jun 2022

    राज्‍य में औद्योगिक विकास के कइ्र प्रविधान किए गए

    वित्‍तमंत्री चीमा ने पंजाब के बजट में औद्योगिक विकास के लिए के लिए कई प्रविधान किए हैं। राज्‍य में लुधियाना, मोहाली और राजपुरा में औद्योगिक विकास केंद्र स्‍थापित होंगे। उद्योगों के छह माह के अंदर वैट रिफंड के सभी मुद्दे सुलझाए जाएंगे। फोकल प्वाइंट को मजबूत करने के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रविधान भी चीमा ने अपने बजट मेंं किया है।

  • 02:06 PM, 27 Jun 2022

    बजट पेश करने के बाद वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिया लंच

    बजट पेश करने के बाद वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिया लंच

    पंजाब विधानसभा में बजट पेश करने के बाद विधायकों और नेताओं को लंच दिया। इसमें पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान और दिल्‍ली के उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हुए। कांग्रेस के विधायक इसमें नहीं पहुंचे।

  • 01:55 PM, 27 Jun 2022

    कांग्रेस ने कहा- आप ने एक बार फिर ख्‍वाब बेचने का काम किया

    बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर ख्वाबों को बेचने का काम किया है। आप ने वादा किया था कि वह मोहल्ला क्लीनिक बनाएगी। अब बजट में मात्र 117 मोहल्ला क्लीनिक का उल्लेख किया गया है। मोहल्ला क्लीनिक का मतलब होता है कि हर मोहल्ले में एक क्लीनिक। जबकि सरकार अब मात्र 117 मोहल्ला क्लीनिक खोलने की बात कर रही है इसके अलावा वित्त मंत्री अपने बजट अभिभाषण में महिलाओं को 1000 रुपये की वित्तीय सहायता देने के मामले में कुछ भी नहीं बोले।

  • 01:54 PM, 27 Jun 2022

    प्रताप सिंह बाजवा ने कहा- जीएसटी मुआवजा बंद होेने नुकसान की भरपाई का प्रविधान बजट में नहीं

    कांग्रेस विधायक दल के नेता व नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि  पंजाब सरकार ने अभी तक फ्री बिजली योजना को लेकर अधिसूचना तक नहीं जारी की है। बाजवा ने कहा कि वित्त मंत्री खुद यह मान रहे हैं कि इसी माह जून अंत से जीएसटी मुआवजे के रूप में मिलने वाले 14 से 15000 करोड़ रुपये बंद हो जाएंगे। बजट में इस वित्तीय नुकसान को पूरा करने के लिए कोई प्रविधान नहीं किया गया है।

  • 01:51 PM, 27 Jun 2022

    कांग्रेस ने पंजाब के वित्‍तमंत्री के बजट को किया खारिज

    नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब सरकार के बजट को खारिज करते हुए कहा कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा बजट में यह नहीं बता पाए हैं कि 300 यूनिट फ्री बिजली देने की जिस योजना को वह 1 जुलाई से शुरू करने की बात कर रहे हैं उसके लिए बजट का प्रावधान कहां किया गया है ।

  • 01:45 PM, 27 Jun 2022

    कांग्रेस ने पंजाब के वित्‍तमंत्री चीमा के लंच का किया बहिष्‍कार

    बजट के बाद वित्तमंत्री हरपाल चीमा द्वारा दिए है लंच का कांग्रेस ने किया बायकाट। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि जिस समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान होंंगे, उसका बायकाट करेंगे। स्पीकर बुलाएं तो जरूर जाएंगे। कांग्रेस का यह फैसला इस कारण है कि कांग्रेस के विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास पर धरना दिया था मुुख्यमंत्री ने उनसे मिलने से मना कर दिया था।

  • 01:43 PM, 27 Jun 2022

    सत्‍ता पक्ष ने बजट की तारीफ की

    वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा के बजट पेश करने के साथ ही स्‍पीकर ने पंजाब विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित कर दी। बजट की सत्‍ता पक्ष के सदस्‍यों ने जमकर तारीफ की।

  • 01:20 PM, 27 Jun 2022

    उच्‍च शिक्षा के लिए 95 करोड़ रुपये का प्रविधान

    बजट मेंं उच्च शिक्षा के 95 करोड़ का प्रविधान किया गया है। इससे कालेजों के बुनियादी ढांचे बनेंगे और नए कालेज बनेंगे। विकास केंद्रों को बढ़ावा देने के लिए 641 करोड़ का प्रविधान भी बजट में किया गया है। पंजाब के नो सरकारी कालेजों में लाइब्रेरी के लिए 30 करोड़ दिया गया है।

  • 01:19 PM, 27 Jun 2022

    पांच साल में बनेंगे 16 नए मेडिकल कालेज

    चीमा ने कहा कि राज्‍य में पांच साल में 16 नए मेडिकल कालेज बनाने का प्रस्ताव है। मेडिकल शिक्षा के लिए 1033 करोड़ का प्रविधान किया गया है। पिछले साल से यह 57 फीसद ज्यादा है। एनसीसी ट्रेनिंग सेंटरों के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

  • 01:16 PM, 27 Jun 2022

    मोहली के पास स्‍थापित होगी फिनटैक सिटी

    वित्‍तमंत्री चीमा ने कहा क  पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए मोहाली में ओल्ड एज होम बनेगा। इसके साथ ही मोहाली के नजदीक फिनटैक सिटी की स्थापना होगी। इसके लिए 490 एकड़ जमीन अधिग्रहीत कर जाएगी। उभरते खिलाड़ियों के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रविधान भी किया गया है।

  • 01:12 PM, 27 Jun 2022

    सीएम भगवंत मान का राज्‍य के हर जिले में होगा कार्यालय

    बजट में कई प्रविधान किए गए हैंं। हर जिले में सीएम भगवंत मान का आफिस होगा। इसके साथ ही  उद्योगों के विकास के लिए नई नीति आएगी और औद्योगिक बिजली छूट रहेगी जारी। सेहत क्षेत्र के लिए 4731 करोड़ का प्रविधान किया गया ह। यह पिछले साल के मुकाबलें 24 फीसद ज्यादा है। पंजाब पुलिस के लिए इंटरनेशनल ट्रेनिंग की व्यवस्था होगी। ।

  • 01:06 PM, 27 Jun 2022

    पंजाब सरकार 95378 करोड़ राजस्‍व बढ़ाएगी

    वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस वर्ष बगैर कोई टेक्स लगाए पंजाब सरकार 95378 करोड़ रुपये का राजस्व बढ़ाएगी। इसकी शुरुआत हो चुकी है। राजस्‍व में वृद्धि 17.8 फीसदी होगी।

    01:01 PM, 27 Jun 2022

    पंजाब में घाटे का बजट

    पंजाब का बजट घाटे का है। वित्‍तमंत्री ने कहा कि पंजाब में सरकार के खर्च का अनुमान 1,55,859.78 करोड़ है, जबकि प्राप्ति है 1,51,129.29 करोड़। आय व खर्च में अंतर 4730.91 करोड़ का है।

  • 12:45 PM, 27 Jun 2022

    कोई नया टैक्‍स नहींं लगाने से मिलेगी बड़ी राहत

    पंंजाब बजट में कोई टैक्‍स नहीं लगाए जाने से राज्‍य के लोगों को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को हरी झंडी देने और इसके लिए बजट पर प्रविधान करने से भी लोगों को फायदा होगा।

  • 12:40 PM, 27 Jun 2022

    जिला स्‍तर पर स्‍थापित होंगे साइबर कंट्रोल रूम

    वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्‍य में जिला स्तर पर साइबर क्राइम कंट्रोल रूम स्थापित होंगे। इसके लिए बजट में 30 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

  • 12:29 PM, 27 Jun 2022

    औद्योगिक बिजली सब्सिडी जारी रहेगी , सेवा केंद्र रविवार को भी खुलेंगे

    वित्‍तमंत्री चीमा ने कहा कि औद्योगिक बिजली सब्सिडी जारी रहेगी। इसके लिए पंजाब के बजट में 2503 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। सेवा केंद्र अब रविवार को भी खुले रहेंगे। सेवा केंद्र में 100 नए सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसके बाद 425 तरह की सेवाएं सेवा केंद्र में मिलेगी।

  • 12:23 PM, 27 Jun 2022

    पंजाब में इस साल गाड़‍ियों की खरीद-फरोख्‍त बढ़ने की उम्‍मीद

    वित्‍तमंत्री ने कहा कि सरकार का अनुमान है कि चालू वित्तीय वर्ष में पंजाब में गाड़ियों की खरीद फरोख्त बढ़ेगी। अनुमान है कि इस वर्ष सरकार को गाड़ियों की खरीद फरोख्त से 2575 करोड़ रुपये का टैक्स आएगा। बीते वित्तीय वर्ष में 2155.11 करोड़ आया। राज्‍य में 52 लाख पौधे पंजाब में लगाए जाएंगे।

  • 12:18 PM, 27 Jun 2022

    वित्‍तमंत्री चीमा ने कहा- वैट कलेक्‍शन घटने का अनुमान

    वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अनुमान है कि 2022-23 में वैट का कलेक्शन कम होगा। बीते वित्तीय वर्ष में वैट का कलेक्शन 7000 करोड़ था, जोकि घट कर 6250 रह जाएगा।

  • 12:16 PM, 27 Jun 2022

    जीएसटी से पंजाब सरकार की आय बढ़ेगी

    वित्‍तमंत्री चीमा ने कहा कि  अनुमान है कि 2022-23 में पंजाब सरकार को 20550 करोड़ रुपये का जीएसटी आएगा। बीते वित्तीय वर्ष में यह 16200 करोड़ था। पिछले वित्‍तीय वर्ष में जीएसटी अननुमान से 200 करोड़ रुपये ज्यादा प्राप्‍त हुआ।

  • 12:11 PM, 27 Jun 2022

    कोई नया कर नहीं लगाया, लेकिन टैक्‍स चोरी रोका जाएगा

    पंंजाब सरकार ने बजट में कोई नया टैक्स नहीं लगाया है। वित्‍तमंत्री ने पहले से लगे टैक्स को पूरा उगाहने और चोरी पर ध्यान देने का ऐलान किया। चीमा ने कहा कि  नई आबकारी नीति से पंजाब सकरार को 9648 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।

  • 12:02 PM, 27 Jun 2022

    किसानों को मुफ्त बिजली के लिए 6947 करोड़ का प्रविधान

    पराली जलाने से रोकने के लिए विभिन्न संसाधनों का पता लगाने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान। किसानों को मुफ्त बिजली के लिए 6947 करोड़ का प्रविधान किया गया। पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के तहत आते हैं। 2.5 लाख विद्यार्थियों के लिए 640 करोड़ का प्रविधान किया गया है।

  • 11:59 AM, 27 Jun 2022

    कृषि के लिए 11580 करोड़ रुपये का प्रविधान

    पंजाब के  बजट मेंं कृषि के लिए 11580 करोड़ रुपये का प्रविधान। सीधी बिजाई के लिए किसानों को सहायता देने के लिए 450 करोड रुपये का प्रविधान किया गया है।

  • 11:57 AM, 27 Jun 2022

    मोहल्‍ला क्‍लीनिक के लिए 77 करोड़ रुपये का प्रविधान

    वित्त मंत्री नए मोहल्ला क्लीनिक के लिए 77 करोड़ का बजट रखा।  वित्त मंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को 75 मोहल्ला क्लीनिक शुरू हो जाएंगे। राज्‍य में कुल 117 मोहल्‍ला क्लीनिक बनेंगे।  सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का पंजाब सरकार इलाज करवाएगी।   जो व्यक्ति घायल को अस्पताल पहुंचाए गा उसे भी सम्मानित किया जाएगा।  : 61 बस स्टैंड का नवीनीकरण और 45 नए बस स्टैंड बनेंगे।

  • 11:53 AM, 27 Jun 2022

    पुलिस का होगा आधुनिकीकरण

    वित्‍तमंत्री चीमा ने कहा कि पुलिस आधुनिकीकरण के लिए 108 करोड़ का प्रविधान किया गया है। 30 करोड़ से जिलों में साइबर क्राइम कंट्रोल रूम बनेंगे। स्टेट मैनेजर लगाए जाने का भी प्रविधान है। पराली को जलने से बचाने की रोकथाम के सुझाव देने के लिए किया 200 करोड़ का प्रविधान किया गया है।  स्वास्थ्य का बजट 4731 करोड़ रखा गया है जो कि पिछले साल के मुकाबले 23.80 प्रतिशत ज्यादा है। पंजाब और महिला मित्र केंद्रो में सीसीटीवी के लिए 5 करोड़ रखा गया है। मोहाली में जेल बनेगीी।

  • 11:49 AM, 27 Jun 2022

    स्कूलों में बनेंगे अस्टेट मैनेजर

    प्रिंसिपल और अध्यापकों पर प्रशासनिक कामकाज के दबाव को कम करने के लिए स्कूलों में अस्टेट मैनेजर बनाए जाएंगे। मिड डे मील के तहत 17 लाख विद्यार्थियों को भोजन देने के लिए 473 करोड़ों का बजट रखा गया। जो कि पिछले साल के मुकाबले 35 प्रतिशत ज्‍यादा हैंं।

  • 11:47 AM, 27 Jun 2022

    स्‍कूलाें में बनेगी चारदीवारी

    चीमा ने कहा कि राज्‍य में 2728 ग्रामीण और 212 शहरी स्कूलों में चारदीवारी नहीं है । इसके अलावा 2310 ग्रामीण और 93 शहरी स्कूलों के चारदीवारी की मरम्‍मत करने की आवश्यकता है।  हर एक जिले में अत्याधुनिक स्कूल इन फर्स्ट के लिए वित्त मंत्री ने 424 करोड़ों रुपए का प्रविधान रखा। पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को वर्दी देने के लिए 23 करोड़ का प्रविधान बजट में किया गया।

  • 11:44 AM, 27 Jun 2022

    फरिश्‍ते योजना होगी लागू

    चीमा ने कहा कि फरिश्ते योजना लागू होगी। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए आगे आने वालों को प्रोत्‍साहित करने लिए लागू होगी। योजना के तहत सड़क हादसों में घायल वाले लोगों का इलाज सरकार की ओर से निशुल्क होगा।

  • 11:42 AM, 27 Jun 2022

    स्‍कूलों में लगेंगे सोलर पैनल

    वित्‍तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब में 19,176 स्कूल है। इसमें से 3597 स्कूलों में सोलर पैनल है। स्कूलों में बिजली का खर्च कम करने लिए सभी स्कूलों में सोलर पैनल लगाया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये रखे गए।

  • 11:40 AM, 27 Jun 2022

    107932 करोड़ प्रतिबद्ध खर्चों पर होगा व्‍यय

    वित्‍तमंत्री ने राज्‍य का कुल 156860 करोड़ का बजट पेश किया। 107932 करोड़ प्रतिबद्ध खर्चों पर व्‍यय होगा। इनमें वेतन,पेंशन और ब्‍याज आदि शामिल हैं

  • 11:37 AM, 27 Jun 2022

    500 स्‍कूलों में बनेंगे आधुनिक डिजिटल क्‍लास रूम

    500 स्‍कूलों में बनेंगे आधुनिक डिजिटल क्‍लास रूम

    पंजाब के बजट में 500 सरकारी स्कूलों में आधुनिक डिजिटल क्लास रूम बनाने के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया।

  • 11:35 AM, 27 Jun 2022

    टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट बनाने का ऐलान

    टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट बनाने का ऐलान

    वित्‍तमंत्री ने बजट में शिक्षा के लिए 16.27 फीसदी का प्रविधान किया। तकनीकी शिक्षा के बजट को 47.84 से बढ़ा कर 56.60 फीसदी किया गया है। पंजाब का जीएसडीपी 6.29 लाख करोड़ जो पिछले साल के मुकाबले 9.77 परसेंट ज्यादा है। उन्‍होंने कहा कि राज्य को वित्तीय जोखन उठाने पड़ते हैं हम इस पर काम कर रहे हैं।  कर चोरी रोकने के लिए टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट बनाने का ऐलान।

  • 11:32 AM, 27 Jun 2022

    बजट 1.55 करोड़ से ज्‍यादा का , पिछले साल से 14.20 फीसइ ज्‍यादा

    बजट का आकार 1,55,860 करोड़ है। यह  2021-22 से 14.20 फीसदी ज्यादा है।

  • 11:29 AM, 27 Jun 2022

    चीमा बोले- पिछली सरकार ने राजस्‍व बढ़ाने का कोई काम नहीं किया

    वित्‍तमंत्री चीमा ने कहा कि  पिछली सरकार ने अपना राजस्‍व बढ़ने के लिए कोई काम नहीं किया। आज जीएसटी मुआवजा प्राणली खत्म हो रही है। हमें 14000 करोड़ का नुकसान होगा।

  • 11:23 AM, 27 Jun 2022

    बजट के लिए 20384 सुझाव मिले, इनमें 27 प्रतिशत महिलाओं के थे

    वित्‍तमंत्री टैब से बजट पेश कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि पेपरलेस बजट से 19 लाख रुपये बचत होगी और 800 पेड़ बचेंगे। बजट पेपर लैस है। बजट तैयार करने में विशेषज्ञों से सलाह ली गई है। 20384 सुझाव प्राप्त हुए। इनमें 27 फीसदी सुझाव महिलाओं ने दिए। वित्तीय स्थिति सुधारना, फिजूल खर्ची को रोकना और कर्ज को कम करना हमारा फोकस रहेगा।

  • 11:16 AM, 27 Jun 2022

    300 यूनिट फ्री बिजली का ऐलान

    चीमा ने कहा कि राज्‍य में हर घर को  300 यूनिट फ्री दी जाएगी।  बजट में इसका प्रविधान किया गया है।  300 यूनिट फ्री बिजली 1 जुलाई से लागू करने को लेकर बजट में प्रबंधन कर लिया है। उन्‍होंने  एक विधायक एक पेंशन देने का ऐलान किया। उन्‍होंने कहा कि इससे 19.53 करोड़ रुपये का बचत होगा।

  • 11:14 AM, 27 Jun 2022

    36000 हजार कच्‍चे कर्मचारी नियमित होंगे

    चीमा ने कहा कि 36,000 ठेके पर रखे गए मुलाजिमों को नियमित किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

  • 11:12 AM, 27 Jun 2022

    चीमा बोले – आप सरकार लड़ रही है भ्रष्‍टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई

    वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि आप सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई है। अब तक भ्रष्‍टाचार के मामल में 28 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 45 लोग गिरफ्तार किए गए। वित्त मंत्री ने कहा कि आप सरकार ने पहले 3 महीने में 26454 भर्तियां को करने की प्रक्रिया शुरू की।

  • 11:10 AM, 27 Jun 2022

    पंजाब के वित्‍तमंत्री दे रहे हैं बजट भाषण, दर्शक दीर्घा में मनीष सिसोदिया भी मौजूद

    पंजाब के वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा सदन में बजट पेश कर रहे हैं। अपने बजट भाषण के शुरू में वह पंजाब की वित्‍तीय हालत की चर्चा कर रहे हैं। सदन की दीर्घा में दिल्‍ली के मंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद हैं।

  • 11:02 AM, 27 Jun 2022

    सदन में वित्‍तमंत्री हरपाल चीमा ने बजट पेश करना शुरू किया

    पंजाब विधानसभा में वित्‍तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने साल 2022-23 के लिए बजट पेश करना शुरू कर दिया है। इससे पहले सदन में पहुंचने पर सभी सदस्‍यों ने मेज थपथपा कर उनका स्‍वागत किया।

  • 10:57 AM, 27 Jun 2022

    वित्‍तमंत्री चीमा विधानसभा में पहुंचे

    वित्‍त मंंत्री हरपाल सिंह चीमा पंजाब विधानसभा पहुंंचे। अब वह थोड़ी ही देर मेंंबजट पेश करेंगे।

  • 10:54 AM, 27 Jun 2022

    कुल बजट राशि पर भी हैं निगाहें

    पिछली कांग्रेस सरकार ने 1.62 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था।  इस बार चीमा कितने का बजट पेश करेंगे इस पर भी नजर है।

  • 10:52 AM, 27 Jun 2022

    300 यूनिट फ्री बिजली योजना के लिए राशि आवंटन पर निगाह

    पंजाब में 1 जुलाई से हर घर को 300 यूनिट फ्री बिजली की योजना लागू होनी है। इसके लिए बजट में किए जाने वाले प्रविधान पर सबकी निगाह है। इसके साथ ही 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर माह 1000 रुपये देने की घोषणा को लागू करने के कदम पर भी नजर लगी है।

  • 10:46 AM, 27 Jun 2022

    सदन में विपक्ष का सरकार पर हमला

    सदन की कार्यवाही जारी है और वित्‍तमंत्री 11 बजे के बाद बजट पेश करेंगे। सदन में कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि जिस प्रकार से सांप सीढ़ी में 99 से एक पर गिटी 1 पर आ जाती है उसी प्रकार आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता शून्य पर आकर रुक गई है। आम आदमी पार्टी को अपनी गलतियों से सबक लेना चाहिए।

    वड़िंग ने कहा कि हमने भी गलतियां की है इसी वजह से आज हम विपक्ष में हैं। प्रदेश प्रधान ने कहा कि संगरूर लोकसभा के उपचुनाव में लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था क्योंकि पंजाब के युवा आम आदमी पार्टी से ठगा हुआ महसूस कर रहे थे। इसलिए उन्होंने 77 वर्षीय एक बुजुर्ग को चुना। युवाओं के पास क्योंकि कोई विकल्प नहीं था इसलिए उन्हें ऐसा करना पड़ा। आम आदमी पार्टी को इस बात से सबक लेना चाहिए

  • 10:38 AM, 27 Jun 2022

    पंजाब विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, थोड़ी देर में पहुंचेंगे वित्‍तमंत्री

    पंजाब विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। वित्‍त मंत्री हरपाल सिंह चीमा थोड़ी देर में सदन में पहुंचेंगे। मुख्‍यमंत्री भगवंत मान भी थोड़ी ही देर में विधानसभा पहुंचेंगे।