News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Quad Summit: बाइडन की मौजूदगी में पीएम मोदी का चीन को कड़ा संदेश; दिया 3टी फार्मूला,


टोक्यो, । जापान की धरती से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीन को साफ और कड़ा संदेश दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की उपस्थिति में मोदी ने कहा, भारत हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र को मुक्त, खुला और समावेषी बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है। भारत सहयोगी देशों के साथ आर्थिक संबंध मजबूत कर क्षेत्र में सतत विकास, शांति और संपन्नता का माहौल बनाने में विश्वास रखता है।

चीन को नजदीक से घेरने की तैयारी

प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात सोमवार को इंडो-पैसीफिक इकोनोमिक फ्रेमवर्क फार प्रोस्पेरिटी (आइपीईएफ) अभियान की शुरुआत के मौके पर कही। अभियान की शुरुआत अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने की है। इसमें भारत और अमेरिका सहित कुल 12 देश शामिल हैं। आर्थिक ताने-बाने से चीन को नजदीक जाकर घेरने की तैयारी हो चुकी है।

भारत निभाएगा मुख्य भूमिका

अमेरिका ने समान विचारधारा वाले देशों के साथ मिलकर स्वच्छ ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने और डिजिटल ट्रेड को बढ़ावा देने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान को इंडो-पैसीफिक इकोनोमिक फ्रेमवर्क फार प्रोस्पेरिटी का नाम दिया गया है। चीन की आक्रामक व्यापार नीति का जवाब माने जा रहे इस अभियान में भारत के साथ आस्ट्रेलिया, ब्रूनेई, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, थाइलैंड और वियतनाम हैं। जाहिर है इनमें सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश भारत की मुख्य भूमिका होगी।