Latest News राजस्थान राष्ट्रीय

Rajasthan: वसुंधरा राजे ने गोगुंदा की पीड़िता से की बात


उदयपुर, । राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गोगुंदा की दुष्कर्म पीड़िता से बात की है।  पीड़िता ने वसुंधरा को बताया कि किस तरह गोगुंदा के भाजपा विधायक प्रताप लाल गमेती ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता ने वसुंधरा से इस मामले में मदद की गुहार लगाई है। पीड़िता ने बताया कि वह वीडियो बनाकर भाजपा के नेताओं से न्याय की गुहार कर रही है। उसने अपना वीडियो वसुंधरा को भी भेजे थे। इसके बाद वसुंधरा ने उसे फोन किया। उसने अपनी पीड़ा उन्हें बताई और न्याय की मांग की। पीड़िता ने वसुंधरा से कहा कि उन्हीं की पार्टी के विधायक ने उसे दो बार झांसे में लिया। पहली बार उसने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब उसने उदयपुर शहर के अंबामाता थाने में गोगुंदा विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया तो उसने फिर उसे एक महीने के अंदर शादी करने का झांसा दिया। वह झांसे में आ गई और उसने केस बंद करा दिया था, लेकिन इसके बाद गोगुंदा विधायक ने शादी करने से इन्कार कर दिया और अब फोन उठाना भी बंद कर दिया। ऐसे में उसने सीआइडी व सीबी को पत्र लिखकर दुष्कर्म के केस को रिओपन करने की मांग की है। विधायक के खिलाफ केस होने के चलते यह मामला सीआइडी सीबी को सौंप दिया गया था।

पीड़िता बोली-सांसद किरोडी लाल मीणा हर दुष्कर्म पीड़िता की बात उठाते हैं, मेरे मामले में चुप क्यों?

पीड़िता ने वीडियो जारी कर भाजपा नेता तथा राज्यसभा सदस्य डा. किरोडी लाल मीणा के रुख पर भी सवाल उठाया है। उसका कहना है कि किरोडी लाल मीणा यूं तो राज्य की हर दुष्कर्म पीड़िता से मिलकर उसकी पीड़ा को लेकर सवाल उठाते आए हैं। वह धरियावद सहित मेवाड़ व वागड़ की दुष्कर्म पीड़िताओं से मिले तथा जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने भी पहुंचे, लेकिन उसके मामले में उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। पीड़िता के साथ दुष्कर्म भाजपा के विधायक ने किया है, इसलिए वह चुप हैं। उसने यह भी सवाल उठाया कि क्या इसे ही न्याय कहते हैं? उन्होंने किरोडीलाल को भी वीडियो के माध्यम से अपनी पीड़ा उन तक पहुंचाई है।

पीड़िता ने कहा, न्याय नहीं मिला तो दे दूंगी जान

दुष्कर्म पीड़िता ने भाजपा नेताओं को भेजे वीडियो मैसेज के जरिए कहा कि वह न्याय के लिए अंतिम समय तक लड़ेगी। यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह जान दे देगी।