Latest News नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

Rajasthan Assembly: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में विधानसभा चुनाव पर मंथन


जयपुर। Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा (BJP) ने अनौपचारिक तौर पर चुनाव अभियान प्रारंभ कर दिया है। प्रदेश की राजनीति के हिसाब से महत्वपूर्ण माने जाने वाले शेखावाटी के झुंझुनूं जिले में शनिवार से भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारियों व कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई।

गहलोत सरकार की नाकामियां जनता को बताएगी भाजपा

बैठक के पहले दिन राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने पदाधिकारियों को पोलिंग बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करने, मतदाताओं से पार्टी कार्यकर्ताओं का सीधा संपर्क कायम करने, मतदाता सूचियों में नए नाम जुड़वाने और प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार की नाकामियां लोगों को बताईं जानी चाहिए।

गहलोत सरकार की चौथी वर्षगांठ पर प्रदर्शन करेगी भाजपा

बैठक में प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में गहलोत सरकार की चौथी वर्षगांठ पर 17 नवंबर को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। रविवार को होने वाली कार्यसमिति की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत,अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी सहित सभी 25 लोकसभा सदस्य, चार राज्यसभा सदस्य और सभी विधायक शामिल होंगे। इस बैठक में पार्टी के आगामी एक साल तक होने वाले कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इसलिए अहम है झुंझुनूं में भाजपा का मंथन

भाजपा ने यह बैठक झुंझुनूं में काफी मंथन के बाद रखी है। इसका बड़ा कारण शेखावाटी इलाके में पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी का पिछले विधानसभा चुनाव में पिछड़ना है। शेखावाटी क्षेत्र में झुंझुनूं ,सीकर और चूरू जिले शामिल हैं। इन जिलों की 21 विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास वर्तमान में चार सीटें है। ऐसे में इस क्षेत्र बैठक कर चुनावी माहौल बनाने की योजना है। राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मंत्री राजेंद्र गुढ़ा सीएम अशोक गहलोत पर हमलावर हैं। वह कई बार प्रदेश सरकार पर निशाना साध चुके हैं।