News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

Rampur Loksabha : रामपुर से आजम खां के करीबी आसिम राजा ने समाजवादी पार्टी से किया नामांकन


मुरादाबाद। रामपुर लोकसभा उप चुनाव के लिए आजम खां ने सारे कयास को झुठला दिया है। आजम खां के परिवार से कोई भी सदस्य उप चुनाव में प्रत्याशी नहीं है। आजम खां के बेहद करीबी रामपुरी में समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने रामपुर लोकसभा उपचुनाव में आज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। लोकसभा उप चुनाव के लिए आज नामांकन का अंतिम दिन है।

रामपुर लोकसभा उप चुनाव से आजम खां ने खुद को अलग कर लिया है। यहां से आजम खां ने समाजवादी पार्टी रामपुर के नगर अध्यक्ष आसिम को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके साथ ही पार्टी की ओर से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि आजम खां आज भी पार्टी के प्रमुख नेता हैं। रामपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा की ओर से आसिम राजा उम्मीदवार हैं। आजम खां ने सपा कार्यालय दारुल आवाम पर कार्यकर्ताओं के बीच प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया। इससे पहले चर्चा थी कि सपा रामपुर से आजम खां की पत्नी तंजीन फातिमा को चुनाव मैदान में उतार सकती है। खास बात यह है कि अब तक जितने भी नाम की चर्चा हो रही थी, उसमें आसिम रजा का नाम कहीं पर नहीं था। ऐसे में आसिम का नाम बेहद चौंकाने वाला रहा है। आसिम रजा आजम खान के बेहद करीबी हैं। पार्टी कार्यालय में उनके नाम का ऐलान करते हुए आजम ने लोगों से मार्मिक अपील भी की है। उन्होंने कहा है, दोस्तों आसिम रजा को जीता देना।