Latest News मनोरंजन महाराष्ट्र

RRR: ऑस्कर में नाटू नाटू को नॉमिनेशन मिलने पर कीरावानी ने कही दिल छू लेने वाली बात


नई दिल्ली, : तेलुगु फिल्म आरआरआर पिछले कुछ दिनों से पूरी दुनिया में छाई हुई है। फिल्म अब तक दो अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम कर चुकी है। फिर भी रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब आरआरआर ने दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ऑस्कर अवॉर्ड्स में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।

नाटू- नाटू ने ऑस्कर 2023 नॉमिनेशन में बनाई जगह

ऑस्कर 2023 के नॉमिनेशन की मंगलवार को घोषणा की गई। इस साल भारत की तरफ से चार फिल्में नॉमिनेशन के लिए शॉर्टलिस्ट की गई थी। इनमें आरआरआर, छेलो शो, ऑल दैट ब्रीद और द एलिफेंट विस्पर्स का नाम शामिल है। छेलो शो को छोड़कर बाकी सभी फिल्में नॉमिनेशन की लिस्ट में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है। आरआरआर के गाने नाटू नाटू को ऑस्कर 2022 में ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है।

कीरावानी ने जताई खुशी

ऑस्कर 2023 में नाटू- नाटू की एंट्री से गदगद गाने के कंपोजर एमएम कीरावानी ने रिएक्ट किया है और सॉन्ग को अपना बच्चा बताया है। कीरावानी ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। ऑस्कर को लेकर मेरी भावनाएं बहुत अच्छी हैं क्योंकि इसमें दुनिया भर के कलाकारों के सपने शामिल हैं, जो मजाक नहीं है। इस काम में बहुत मेहनत और विश्वास की जरूरत पड़ती है। इसलिए ऑस्कर, ऑस्कर है। इसलिए हम इसका बहुत सम्मान करते हैं और इसे महत्व देते हैं। और मुझे इस म्यूजिक कैटेगरी में (साउथ) एशिया से पहली बार नॉमिनेट होने पर बहुत गर्व है। मैं एक्साइटेड हूं।”

नाटू- नाटू को कहा अपना बच्चा

गाने को अपना बच्चा बताते हुए कीरावानी ने आगे कहा, “कल तक, वो मेरे लिए एक बच्चे की तरह था और अब मेरा बेटा जगह-जगह जा रहा है और मेरा नाम रोशन कर रहा है। मैं इस वक्त किसी गौरवान्वित पिता की तरह हूं। मैं इस ब्रेन चाइल्ड के लिए और उन सभी का बहुत आभारी हूं, जिन्होंने गाने को इतना बड़ा बनाने में मदद की है।” बता दें कि आरआरआर पहले ही दो बड़े अवॉर्ड्स जीतकर चर्चा का विषय बनी हुई है। इनमें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स और क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड्स का नाम शामिल है।