Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

Russia Ukraine Crisis: जंग के मैदान में यूक्रेन से भिड़ेंगे रूसी कैदी, रिक्रूटमेंट जारी- एक्टिविस्ट


 मास्को, यूक्रेन के साथ जारी जंग में अब रूस ने अपने कैदियों को उतारने की योजना बनाई है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इसके लिए रूस ने कैदियों की भर्ती शुरू कर दी है। यह भर्ती इस शर्त पर की जा रही है कि जंग के लिए आने वाले कैदियों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामले खत्म कर दिए जाएंगे। यह जानकारी बर्लिन में रूसी सिविल राइट्स के एक्टिविस्ट ओल्गा रोमानोवा (Olga

Romanova) ने दी। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में मास्को स्थित प्री ट्रायल डिटेंशन सेंटर के उदाहरण दिए। रोमानोवा कैदियों के अधिकारों के विशेषज्ञ हैं। ऐसी भी जानकारी मिली है कि यहां जगह-जगह एडवर्टिजमेंट लगाए गए हैं कि लोग देश के लिए युद्ध में आगे आएं।

काला सागर बेड़े का नया रूसी कमांडर नियुक्त

रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में सैन्य ठिकानों पर यूक्रेन के सशस्त्र समर्थकों द्वारा किए जा रहे हमलों ने उसकी चिंता और चुनौती बढ़ा दी है। लगातार हो रहे हमलों से चिंतित रूस ने क्रीमिया स्थित काला सागर बेड़े के कमांडर इगोर ओसिपोव को वापस बुलाते हुए उनकी जगह पर विक्टर सोकोलोव को तैनात कर दिया है। ब्रिटेन के रक्षा खुफिया विभाग की तरफ से बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, ‘क्रीमिया में खराब होती सुरक्षा की स्थिति रूसी सैनिकों के लिए चिंता की वजह बनती सकती है।’ रूस ने भी गत दिनों क्रीमिया के दजानकोई स्थित गोलाबारूद डिपो पर हुए हमले को यूक्रेन के सशस्त्र समर्थकों का काम बताया था। एक हफ्ते पहले ही क्रीमिया के एक अन्य सैन्य ठिकाने पर हुए हमले में रूस के नौ लड़ाकू विमान नष्ट हो गए थे। उधर, रूस समर्थक अलगाववादियों के नियंत्रण वाले डोनेस्क के नेता डेनिस पुशिलिन ने क्षेत्र में परियोजनाओं की बहाली के लिए उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से मदद मांगी है। उत्तर कोरिया ने भी ऐसे संकेत दिए हैं कि वह अपने देश के श्रमिकों को डोनेस्क भेज सकता है।

यूक्रेन का दौरा करेंगे संयुक्त राष्ट्र सचिव

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस गुरुवार को यूक्रेन के पश्चिमी शहर लवीव जाएंगे। यहां वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की तथा तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के साथ बैठक करेंगे। बैठक में अनाज निर्यात व जपोरीजिया परमाणु संयंत्र की जांच के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।