News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Russia Ukraine War : चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री आज जाएंगे कीव, यूक्रेन के राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात


कीव, रूस और यूक्रेन (Russia Ukraine War) के बीच युद्ध के 19वें दिन चौथे दौर की वार्ता हुई। दोनों देशों के बीच ये वार्ता जंग के 20वें दिन भी जारी रहेगी। हालांकि, सोमवार को हुई इस वार्ता में दोनों देशों के भी सुलह का कोई रास्ता नहीं निकल पाया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskiy) ने कहा कि जंग खत्म कर शांति स्थापित करने के प्रयासों के तहत उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट (Naftali Bennett) से बात की है। वहीं, जंग के 20वें दिन रूसी विदेश मंत्रालय का बयान आया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन के द्वारा लान्च की गई मिसाइल से उनके 20 लोग मारे गए हैं, जबकि 28 लोग घायल हुए हैं। सेना के अनुसार, हमला 14 मार्च को डोनेट्स्क इलाके में एक आवासीय परिसर में टोचका-यू मिसाइल के द्वारा किया गया। वहीं, यूक्रेनी मीडिया ने बताया कि डोनबास में भीषण लड़ाई जारी है। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के अनुसार, 100 रूसी सैनिक मारे गए और छह वाहन नष्ट हो गए हैं।

कीव जाएंगे चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक चेक गणराज्य, पोलैंड और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री आज यूरोपीय संघ के नेताओं के प्रतिनिधियों के रूप में राष्ट्रपति वलोडोमिर जेलेंस्की से मिलने के लिए कीव की यात्रा पर जाएंगे। पोलैंड सरकार का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य यूक्रेन की संप्रभुता और स्वतंत्रता के लिए पूरे यूरोपीय संघ के स्पष्ट समर्थन की पुष्टि करना है।

रूस के हमले में चार लोगों की मौत

रूस लगातार यूक्रेन के शहरों को निशाना बना रहा है। इसी बीच रुबिजने में रूस के हमले में चार लोगों की मौत हो गई है। लुहान्स्क ओब्लास्ट के गवर्नर सेरही हैदाई ने बताया कि रूसी सेना ने दृष्टिबाधित बच्चों के लिए एक बोर्डिंग स्कूल और रुबिजने शहर में एक अस्पताल के साथ तीन स्कूलों को नष्ट कर दिया है।

रूस के हमले में दो लोगों की मौत

यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस के अनुसार, 15 मार्च की सुबह कीव में दो आवासीय भवनों को रूसी सेना ने निशाना बनाया। रूसी हमले में करीब दो लोगों की मौत हो गई।

रूस के प्रतिबंधों से ‘प्रभावित’ नहीं होना चाहता चीन

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक चीन, रूस के प्रतिबंधों से ‘प्रभावित’ नहीं होना चाहता है।

रूसी सेना ने नागरिकों पर चलाई गोली

रूसी सेना लगातार यूक्रेन को निशाना बना रही है। इसी बीच रूसी सेना ने होस्टोमेल में नागरिकों पर गोली चलाई है। राष्ट्रीय पुलिस के अनुसार, निकासी की पहली 10 बसें सुरक्षित रूप से शहर से निकल गईं। लेकिन रूसी सेना ने अगली चार बसों पर गोलियां चला दीं। हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो पुरुष घायल हो गए।

रूस ने रात भर की कीव में गोलाबारी

यूक्रेन की राजधानी कीव में रात भर रूसी सेना की ओर से गोलाबारी की गई। जिसके चलते कीव में एक इमारत में आग लग गई। राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, सुबह 6:51 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। जबकि एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कीव में सुनी गई तीन शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज

राजधानी कीव में कम से कम तीन शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, एक पत्रकार ने दूर से धुएं का गुबार भी देखा है।