Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

Russia Ukraine war: रूस की घेराबंदी और मजबूत करने ब्रसेल्स पहुंचे अमेरिकी राष्‍ट्रपति बाइडन


 वाशिंगटन, : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पश्चिमी देशों की रणनीति को और ज्यादा धारदार बनाने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ब्रसेल्स पहुंच गए हैं। वहां पर वह नाटो के 29 सहयोगियों से मुलाकात करेंगे और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। ब्रसेल्स में ही यूरोपीय यूनियन के 27 सदस्य देशों के नेताओं से बाइडन की वार्ता होगी। इसके अतिरिक्त बाइडन रूस पर और कड़े प्रतिबंधों के संबंध में जी 7 के नेताओं से भी चर्चा करेंगे। इन चर्चाओं में यूक्रेन की आर्थिक और सैन्य मदद बढ़ाए जाने पर भी विचार किया जाएगा। यहां से बाइडन पोलैंड जाएंगे। इसी के साथ अमेरिका रूस को जी 20 देशों के समूह से हटाने की कोशिश में भी जुट गया है।

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलीवान ने बताया है कि यूक्रेन के पड़ोसी देश पोलैंड में राष्ट्रपति बाइडन वहां तैनात अमेरिकी सैनिकों से मिलेंगे। साथ ही पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डूडा के साथ द्विपक्षीय, रणनीतिक और बड़ी संख्या में यूक्रेनी शरणार्थियों के आने से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा करेंगे।

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद बाइडन की यह पहली विदेश यात्रा है। सुलीवान ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों में पश्चिमी देश की एकजुटता में बढ़ोतरी हुई है, वे पहले से ज्यादा करीब आए हैं और मिलकर कार्य कर रहे हैं। बाइडन की यात्रा का उद्देश्य इस एकजुटता को और मजबूत बनाना है। सुलीवान ने कहा है कि यूक्रेन पर हमलावर रूस पर आर्थिक प्रतिबंधों का दबाव और बढ़ाया जाएगा। इस हिमाकत के चलते उसे दुनिया से अलग-थलग कर दिया जाएगा।