News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Russia Ukraine War : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच आपरेशन गंगा के तहत आज 3,726 भारतीयों की होगी घर वापसी- केंद्रीय मंत्री सिंधिया


कीव, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज आठवां दिन है। युद्ध के बीच एक बार फिर रूस और यूक्रेन बातचीत करेगा। दोनों देशों के बीच गुरुवार को पोलैंड-बेलारूस बार्डर पर वार्ता होगी। वहीं, इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना ने भी अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को पोलैंड से भारतीय वायु सेना का तीसरा C-17 विमान हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारतीय नागरिकों का स्वागत किया। इस बीच मास्को ने कहा है कि यूक्रेन में उसके 498 सैनिक मारे जा चुके हैं। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक यूक्रेन में 227 मौतें हो चुकी हैं वहीं 525 लोग जख्मी हुए हैं।

उत्तराखंड वापस लौटे 63 नागरिक

यूक्रेन से उत्तराखंड वापस लौटे नागरिकों के बारे में डीजीपी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड के कुल 286 नागरिक यूक्रेन में थे, कंट्रोल रूम में आज सुबह तक आई सूचना के अनुसार इनमें से 63 लोग वापस आ चुके हैं।

मुख्तार अब्बास नकवी ने की पीएम मोदी की तारीफ

यूक्रेन से लौटे भारतीयों से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पीएम मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपरेशन गंगा के तहत भारत के सभी नागरिकों को देश वापस लाना भारत के सामर्थ्य और प्रधानमंत्री के संकल्प का सबूत है। इतनी बड़ी संख्या में युद्ध के बारूदी ढेर से नागरिकों को वापस लाया जा रहा है। प्रधानमंत्री लगातार इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।

यूक्रेन से लौटे भारतीयों से मिले मुख्तार अब्बास नकवी

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर स्पेशल फ्लाइट पोलैंड से दिल्ली पहुंची। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यूक्रेन से लौटे भारतीयों का स्वागत किया।

छात्रों के समूह से मिले केंद्रीय मंत्री रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कोसिसे में यूक्रेन से निकाले गए भारतीय छात्रों के एक समूह के साथ मुलाकात की।

संसद की सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच विदेश मंत्रालय में विदेश मामलों पर संसद की सलाहकार समिति की आज बैठक होगी। विदेश मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहुंचे। विदेश मंत्री डा एस जयशंकर इस समिति यूक्रेन के हालात को लेकर जानकारी देंगे।

बुडापेस्ट से दिल्ली पहुंची फ्लाइट

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर विशेष विमान बुडापेस्ट से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डा वीरेंद्र कुमार ने छात्रों का स्वागत किया।

आपरेशन गंगा के तहत आज 3,726 भारतीयों की होगी घर वापसी

आपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आपरेशन गंगा से जुड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आपरेशन गंगा के तहत 3,726 भारतीयों को आज भारत वापस लाया जाएगा। इनमें बुखारेस्ट से 8 फ्लाइट, सुसेवा से 2 फ्लाइट, कोसिसे से 1 फ्लाइट, बुडापेस्ट से 5 फ्लाइट और रेजजो से 3 फ्लाइट भारत आएंगी।

भारतीय वायु सेना का आपरेशन जारी

भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वायुसेना यूक्रेन के आसपास में विभिन्न स्थानों के लिए तीन और उड़ानें आपरेट कर रही है।

क्वाड लीडर्स की वर्चुअल बैठक में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी

विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आज अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइउन, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्काट मारिसन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ क्वाड लीडर्स की वर्चुअल बैठक में हिस्सा लेंगे।

परिजनों ने किया अपने बच्चों का स्वागत

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर बुडापेस्ट से विशेष विमान दिल्ली के हवाई अड्डे पर पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट पर छात्रों के परिजनों ने उनका स्वागत किया।

आपरेशन गंगा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है- रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारतीय वायु सेना और विमान कंपनियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपरेशन गंगा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है, हम यूक्रेन से लौटने वाले हर छात्र की देखभाल कर रहे हैं। हमारे चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन के विभिन्न पड़ोसी देशों में निकासी अभियान के हर पहलू का ध्यान रख रहे हैं।

विदेश मंत्रालय का बयान, कई छात्रों ने छोड़ा खारकिव

यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन में हमारा दूतावास वहां फंसे भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में है। यूक्रेनी अधिकारियों के सहयोग से कई छात्रों ने कल खारकिव को छोड़ दिया है। हमें किसी छात्र को बंधक बनाए जाने की कोई सूचना नहीं मिली है।

हिंडन एयरबेस पहुंचा वायुसेना का चौथा विमान

यूक्रेन में फंसे छात्रों को लेकर भारतीय वायुसेना का चौथा विमान बुखारेस्ट से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने छात्रों का स्वागत किया।