Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

Sitapur : दारोगा ने सर्विस रिवॉल्वर से सीने में मारी गोली, मौत; सुसाइड नोट बरामद –


सीतापुर। मछरेहटा थाने में तैनात दारोगा ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सीने में गोली मार ली, जिससे दारोगा की मौत हो गई। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

 

जिला फतेहपुर के थाना कल्याणपुर के जलाल गांव निवासी मनोज कुमार पुत्र राम अवतार मछरेहटा के हलका नंबर चार में तैनात थे। शुक्रवार सुबह 10.15 बजे थाना परिसर में मुख्य भवन के पीछे सर्विस रिवाल्वर से सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर थाने के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो दारोगा मनोज कुमार खून से लथपथ पड़े थे। दाहिने हाथ में रिवॉल्वर था। साथी पुलिस कर्मी दारोगा को पास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में दारोगा को मृत घोषित कर दिया गया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रेश्वर वर्मा ने बताया कि दारोगा की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। एसपी चक्रेश मिश्र, एएसपी डा. प्रवीण रंजन सिंह, सीओ राजेश कुमार अस्पताल पहुंचे।

सुसाइड नोट भी मिला

दारोगा मनोज कुमार की जेब में सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में ऊपर से नीचे तक काले पेन से लिखा है। नोट को थानाध्यक्ष राज बहादुर ने अपने कब्जे में ले लिया। इसमें क्या लिखा है, किसके विषय में लिखा है। इसके विषय में पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी।

पिछले वर्ष प्रोन्नति से बने थे दारोगा

मनोज कुमार 1990 में पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2023 में प्रोन्नति पाकर वह दारोगा हुए थे। पांच माह से वह हलका नंबर चार में तैनात थे। मनोज कुमार काफी मिलनसार थे। वह अक्सर इलायची खाया करते थे। 15 दिन पूर्व लखनऊ में बने मकान में धार्मिक अनुष्ठान कराया था।

कार्य का दबाव भी था

पुलिस कर्मियों के बीच चर्चा है कि हलका चार में एक लड़की काफी समय से लापता है। इसको लेकर लड़की के परिवारजन न्यायालय चले गए थे। जिसके विषय में न्यायालय ने जानकारी मांगी गई थी। थानाध्यक्ष राज बहादुर दारोगा से नियमित बरामदगी को लेकर जानकारी करते थे। इसको लेकर मनोज कुमार परेशान रहते थे।

मछरेहटा थाने के दारोगा मनाेज कुमार ने सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार ली, जिससे उनकी मौत हो गई है। अभी तक की जांच में कोई कारण पता नहीं चला है। किस वजह से यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, पुलिस टीमें इसकी जांच कर रही हैं।- चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक