Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP : यात्रीगण कृपया ध्यान दें, रात आठ बजे से सुबह आठ तक नहीं चलेंगी बसें, कोहरे के कारण फैसला


साहिबाबाद,। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की ओर से रात आठ बजे से बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। जो बसें जहां पर रहेंगी वहां सुरक्षित स्थान पर खड़ी कर दी जाएंगी। हालांकि इससे यात्रियों को परेशानी होगी लेकिन यूपीएसआरटीसी अधिकारियों का कहना है कि कोहरे के चलते होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है।

कोहरे में बढ़े सड़क हादसों पर लगेगी लगाम

कोहरे से सड़क हादसे हो रहे हैं जिनमें लोगों की जानें जा रही हैं। ऐसे में यूपीएसआरटीसी ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन बंद करने का फैसला लिया है। पूरे प्रदेश में किसी भी डिपों से रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। अगले दिन सुबह आठ बजे के बाद ही बसों का संचालन होगा।

रास्ते में रोक दी जाएंगी बसें

यूपीएसआरटीसी के गाजियाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर मुख्यालय की ओर से कोहरे के चलते रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन बंद करने का आदेश दिया गया। रात आठ बजे के बाद बसें रास्ते में नजदीक के डिपो या अनुबंधित होटल/ढ़ाबे पर बसों को रोक दिया जाएगा। अगली सुबह आठ बजे दोबारा बसें चलाई जाएंगी। बस में बैठने के दौरान ही यात्रियों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी। इससे यात्रियों को असुविधा होगी। यात्री समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाएंगे।

यात्रियों को होगी परेशानी

दिल्ली – एनसीआर के नौकरीपेशा लोग दिन में नौकरी के बाद देर शाम या रात तक बस से गंतव्य तक जाना पसंद करते हैं। शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक सबसे ज्यादा बसों का संचालन होता है। बसों का संचालन बन्द होने से यात्रियों को परेशानी होगी। इससे डग्गामार बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाएगी। साथ ही मनमाना किराया भी वसूलेंगे।