Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

UP विधानसभा चुनाव : प्रदेश में ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ निकालेगी कांग्रेस,


  • उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी हैं। इसी के मद्देनजर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंची हैं। विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर प्रियंका ने शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी समस्त यूपी में ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ निकालेगी।

बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर गहन मंथन हुआ। कांग्रेस सलाहकार समिति और रणनीति कमेटी ने पूरे उप्र में यात्रा निकालने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, ‘हम वचन निभाएंगे’ के नाम से होगी. यह प्रतिज्ञा यात्रा 12000 किलोमीटर चलेगी। यह सभी कस्बों और बड़े गांवों से होकर गुजरेगी।

प्रियंका गांधी आज सुबह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना के साथ पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंची और देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं अपने बाबा पंडित जवाहर लाल नेहरू के चित्र में माल्यार्पण कर उन्हे भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।

रायबरेली और अमेठी भी जाएंगी प्रियंका

पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद प्रियंका गांधी रविवार को अपनी मां एवं पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली जाएंगी जिसके बाद उनके सोमवार को अमेठी जाने की भी संभावना है। अमेठी से उनके भाई और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सांसद रह चुके हैं।