News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP 2022: कैराना में अमित शाह की घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील


मेरठ, । सुबह से ही हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां शामली के कैराना पहुंचे। इस दौरान जनसंपर्क कार्यक्रम में उनके साथ कैराना से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह, गन्ना मंत्री सुरेश राणा व सांसद प्रदीप चौधरी भी मौजूद हैं। अमित शाह लोगों से घर-घर जाकर आने वाली दस फरवरी को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। मौसम में खराबी के कारण वह आधा घंटा विलंब से तीन बजे आए हैं। यहां टीचर्स कालोनी में जनसंपर्क करने के बाद पलायन पीडि़त साधु यादव के घर जाएंगे। वहीं दूसरी भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा बिजनौर पहुंचे हैं। मौसम की खराबी के कारण नड्डा करीब दो घंटे देरी से यहां पर आए हैं। कुछ देर बाद पदाधिकारियों और प्रत्‍याशियों की बैठक लेंगे।

सुबह से खराब मौसम

शनिवार को सुबह से ही पूरे वेस्‍ट यूपी में बारिश और धुंध के कारण मौसम खराब बना हुआ है। ऐसे में मेरठ, शामली, बिजनौर और सहारनपुर आने वाले भाजपा नेताओं के आगमन में देरी की संभावना पहले से जताई जा रही थी। स्‍थानीय भाजपा नेताओं ने सभी नेताओं के आने की पुष्‍टि की थी, साथ ही कहा है कि इन नेताओं के यहां पहुंचने में कुछ विलंब हो सकता है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां कर ली गई है। सुबह से हो रही बूंदाबांदी के कारण आमजन भी प्रभावित हुआ है।

भाजपा नेता पहुंंचे 

इस बीच कैराना में व्यापारी राकेश उर्फ टीटू की प्रतिष्ठान पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी व कैराना सांसद प्रदीप चौधरी पहुंचे। कैराना में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जोड़वा कुआं में साधुराम हलवाई के यहां आएंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मीडियाकर्मियों का भी जमावड़ा है।

देना है जीत का मंत्र

गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए आज शनिवार से भाजपा के दिग्‍गज नेताओं का वेस्‍ट यूपी में दौरा होगा। इस दौरान पार्टी प्रत्‍याशियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस क्षेत्र में पहले चरण का नामांकन पूरा होते ही भाजपा पश्चिम में पूरी ताकत झोंक दी है। गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को कैराना में घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे। इसके बाद शामली में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जीत का मंत्र देंगे। शाम पांच बजे शाह मेरठ में बैठक लेंगे। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर में बुलंदशहर में विशिष्टजनों के साथ बैठक करेंगे। शाम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सहारनपुर आएंगे।

कार्यक्रम कुछ इस प्रकार से है

उत्तर प्रदेश भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार गृहमंत्री अमित शाह शनिवार दोपहर ढाई बजे कैराना के पब्लिक इंटर कालेज के मैदान पर हेलीकाप्टर से पहुंचना है। इसके बाद वह कैराना में कार्यकर्ताओं के साथ बात करने के बाद कस्बे में घर-घर जाकर वोट मांगेंगे। तीन बजे शामली स्थित होटल ओरचिड में 45 मिनट शामली और बागपत जनपद के पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे और जीत का मंत्र देंगे। इसके बाद मेरठ के लिए रवाना हो जाएंगे। शाम सवा पांच बजे मेरठ में एक होटल में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीपी नड्डा दोपहर एक बजे बिजनौर के नगीना में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर दो बजे हेलीकाप्टर से बुलंदशहर पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हाल जाएंगे और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे।