Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP Election: सैफई में अखिलेश की सपा कार्यकर्ताओं को नसीहत,


इटावा, । सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार की शाम को लखनऊ से सैफई पहुंचे। वह सोमवार को मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट से नामांकन करने के लिए मैनपुरी जाएंगे। अखिलेश यादव ने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और नसीहत भी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नेताओं की परिक्रमा न करें और चुनाव में तेजी से जुट जाएं। वह सोमवार को नामांकन करेंगे और इस दौरान मैनपुरी के ही समर्थक साथ आएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्र में बूथ लेवल पर काम करने के लिए कहा और विधानसभावार जानकारी भी ली।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शाम पांच बजे निजी विमान से सैफई हवाई पट्टी पर उतरे और सड़क मार्ग से अपने आवास पर पहुंचे। पहले बाहर रहकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और फिर वह अपने आवास में अंदर चले गये। सोमवार को सुबह 11 बजे सड़क मार्ग से वह अपने विधानसभा क्षेत्र करहल होते हुए मैनपुरी मुख्यालय जाएंगे और नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान विधायक करहल सोबरन सिंह यादव, भारत सिंह यादव खदरी, राजवीर सिंह यादव, रामबाबू यादव प्रधान, शिवराम सिंह यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडी कर्मचारी कल्याण संघ समिति, सुखवीर सिंह यादव प्रधान मौजूद रहे।