Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

US : अमेरिका में फिर हुई जानलेवा फायरिंग, एक लड़की समेत 8 लोग घायल


वाशिंगटन, । वाशिंगटन डीसी में शुक्रवार की रात को गोलीबारी हुई, इसमें एक लड़की समेत आठ लोग घायल हो गए। हालांकि, दो बार हुई इस गोलीबारी में किसी की भी जान को कोई नुकसान होने की खबर नहीं है।

असिस्टेंट चीफ ऑफ पेट्रोल सर्विसेस साउथ आंद्रे राइट ने बताया कि पुलिस ने लेबौम स्ट्रीट पर हुई गोलीबारी का मौके पर जवाब दिया है। पूरी घटना में आठ लोगों को घायल पाया गया। सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया और सभी सुरक्षित भी हैं।

काली सेडान कार की तलाश में पुलिस

उन्होंने बताया कि जब ऑफिसर लेबौम स्ट्रीट पर थे तो पुलिस को सेकेंड स्ट्रीट पर गोली चलने की सूचना मिली। यहां उन्होंने एक 12 साल की लड़की को पाया, लड़की को पैर में गोली लगी हुई थी। इसके बाद लड़की को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

अब पुलिस चश्मदीदों के द्वारा बताई गई एक काली सेडान कार की तलाश कर रही है। इस कार को गोलीबारी करने वाले लोग चला रहे थे। कार में बैठे इन शूटर्स ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हालांकि, गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी साफ नहीं हो पाया है।

पिछले सप्ताह बर्थडे पार्टी में हुई गोलीबारी

इससे पहले पिछले ही सप्ताह अलबामा में भी एक गोलीबारी की घटना सामने आई थी। इस दौरान गोली लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि, कई लोग इस घटना में घायल भी हो गए थे। खबर थी कि गोलीबारी की ये वारदात एक बर्थडे के दौरान हुई थी। इसके बाद पुलिस की ओर से जांच के दौरान सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। गोलीबारी के पीछे की वजह अभी तक पुलिस को पता नहीं चल पाई है।