Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

प्रियंका गांधी का आरोप- योगी सरकार ने UP के गन्ना किसानों की दुर्गति कर दी है


नई दिल्ली। केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के खिलाफ किसानों का आंदोलन 80वें दिन भी जारी है। किसान आंदोलन (Farmers Protest) के तहत कई राज्यों में किसान लगातार महापंचायत कर रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस (Congress) की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी काफी एक्टिव हो गई है और किसान आंदोलन को लेकर लगातार अपना समर्थन दे रही हैं। इसी बीच प्रियंका गांधी ने प्रदेश की यागी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों की दुर्गति कर दी है।

प्रियंका का योगी सरकार पर हमला
कृषि कानूनों को लेकर प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘काले कानूनों में किसान हितों का दावा करने वाली भाजपा ने यूपी के गन्ना किसानों की दुर्गति कर दी है: वादा था 14 दिन में भुगतान का लेकिन किसानों के गन्ने का 10,000 करोड़ भुगतान बकाया है। 2017 से गन्ना मूल्य में जीरो वृद्धि हुई है और इस साल तो गन्ना पर्ची पर मूल्य ही नहीं है।’

मेरठ में किसान महापंचायत को करेंगी संबोधित
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधाना विधानसभा क्षेत्र में 15 फरवरी को आयोजित होने वाली ‘किसान महापंचायत’ में शामिल होकर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगी। कांग्रेस के एक नेता ने इसकी जानकारी दी। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी यशपाल सिंह के अनुसार कांग्रेस ने ‘जय जवान जय किसान’ नारे के साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में किसान महापंचायत करने जा रही है।

उन्होंने बताया कि दस फरवरी को सहारनपुर से इसकी शुरुआत हुई है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के इस कार्यक्रम के तहत मेरठ में 15 फरवरी को आयोजित की जायेगी और इसमें कांग्रेस महासचिव शामिल होकर इसे संबोधित करेंगी। महापंचायत की तैयारियों को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने रैली की तैयारियों की समीक्षा की।