News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जनता के साथ कितना संपर्क रखते हैं सांसद, PM मोदी खुद रख रहे नजर


नई दिल्ली : भाजपा के सांसद, विधायक, नेता और कार्यकर्ता आम जनता के साथ कितने संपर्क में हैं, इस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद नजर रख रहे हैं। किन-किन नेताओं और सांसदों ने कितने लोगों के साथ संपर्क किया, इसकी हर दिन की रिपोर्ट प्रधानमंत्री के पास पहुंचती है। मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर सांसदों से लेकर कार्यकर्ताओं को ”संपर्क से समर्थन” कार्यक्रम के तहत हर दिन अधिक से अधिक लाभार्थियों से सीधा संपर्क करने का निर्देश दिया गया है। ”संपर्क से समर्थन” कार्यक्रम के तहत आम जनता से संपर्क करने वाले शीर्ष के पांच सांसदों में तीन उत्तरप्रदेश के हैं। जनता के साथ संपर्क करने में सबसे आगे कर्नाटक से सांसद शोभा करांदलजे हैं। तेलंगाना के सांसद अरविंद धर्मपुरी दूसरे स्थान पर है। जबकि उत्तरप्रदेश के तीन सांसद राजवीर सिंह, रेखा वर्मा और रमापति राम शीर्ष पांच में शामिल हैं।

 

2019 में भी पार्टी ने सांसदों को सौंपी थी ये जिम्‍मेदारी

भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार 2019 के आम चुनाव के पहले भी भाजपा सांसदों और नेताओं को जनता के साथ संपर्क का काम सौंपा गया था। लेकिन इस बार का माड्यूल पहले की तुलना में अलग है। उस समय सांसदों और नेताओं को समाज के प्रमुख लोगों से मिलकर उन्हें भाजपा की नीतियों के बारे में जानकारी देने के लिए कहा गया था। उस समय यह माना जा रहा था कि समाज में बहुत सारे प्रबुद्ध और प्रभावशाली लोगों को भाजपा की नीतियों के बारे में जानकारी नहीं है। लेकिन अब मोदी सरकार के आठ साल पूरा होने के बाद भाजपा के बारे में किसी को बताने की जरूरत नहीं है। इसके उल्टे देश में बहुत बड़ी आबादी ऐसी है, जिन्हें मोदी सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा है। इनमें मुफ्त गैस सिलिंडर, शौचालय, बिजली कनेक्शन, मकान जैसी योजनाओं के साथ-साथ पिछले दो साल से अधिक समय से 80 करोड़ से अधिक लोगों को दिया जा मुफ्त राशन शामिल है। इसके साथ ही हर घर नल योजना का लाभ भी बहुत बड़े वर्ग को मिलने लगा है।