Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

अखिलेश बोले- ऐसा न हो कि ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश पर उद्योगपतियों का राज हो जाए


  • नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की विनिवेश नीति पर करारा प्रहार करते हुए रविवार को कहा कि ”कहीं ऐसा न हो जाए कि ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश पर उद्योगपतियों का राज हो जाए और सरकार आउटसोर्सिंग से चलने लगे।”

अखिलेश ने यहां एक रैली में कहा, ”केंद्र की भाजपा सरकार सब कुछ बेचती चली जा रही है। याद होगा कि अंग्रेज कारोबार करने आए थे। ईस्ट इंडिया कंपनी दो-तीन चीजों का कारोबार करती थी। धीरे-धीरे करके उसने कारोबार बढ़ा लिया और अंग्रेजों ने एक कानून पास किया जिससे ईस्ट इंडिया कंपनी खुद सरकार बन गई।”

उन्होंने आरोप लगाया, ”भाजपा एक-एक करके सब कुछ निजी हाथों में बेच रही है। हो सकता है कि एक दिन सरकार ही कंपनी के हाथों बिक जाएगी और सरकार आउटसोर्सिंग से चलने लगेगी। जब सब चीजें बिक जाएंगी तो बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने संविधान में हमें जो अधिकार दिए हैं, वे सब छिन जाएंगे।” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का आगामी विधानसभा चुनाव देश की तकदीर का चुनाव है, यह नौजवानों और किसानों के भविष्य को तय करने का चुनाव है।