Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

अगला कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार या बाहरी, असमंजस बरकरार; चुनाव की प्रक्रिया में हो सकता है विलंब


नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर एक बार फिर असमंजस बढ़ा है। दरअसल, चुनाव की यह प्रक्रिया 21 अगस्त से प्रस्तावित थी, जो अब संभव नहीं है। बताया जा रहा है कि इसे चुनाव टलने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। अगले कुछ दिनों में अधिसूचना हो सकती है। हालांकि, इसे लेकर असमंजस बरकरार है कि अगला अध्यक्ष कौन होगा। पार्टी के एक धड़े की ओर से राहुल गांधी को ही मनाने की कोशिश हो रही है।

पिछले लोकसभा चुनाव के बाद से खाली पड़ा हुआ है पूर्णकालिक अध्यक्ष का पद

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री का कहना है कि मतदान से जुड़ी सभी जरूरी तैयारियां पूरी हैं। डेलीगेट की सूची भी तैयार है। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्लूसी ) जैसे ही चुनाव की तारीख तय करेगी, वह प्रक्रिया शुरू कर देंगे। कार्यसमिति की बैठक अभी तय नहीं है। माना जा रहा है कि पार्टी पहले यह तय कर लेना चाहती है कि अध्यक्ष कौन होगा। इसके बाद ही बैठक बुलाई जाएगी। वैसे 2024 के आम चुनाव को देखते हुए एक सक्रिय अध्यक्ष की आवश्यकता होगी। पार्टी में पूर्णकालिक अध्यक्ष का पद पिछले लोकसभा चुनाव के बाद से ही खाली पड़ा हुआ है। कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सोनिया गांधी ही कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

किन नामों पर हो रही है चर्चा

पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी जिस तरह से मोदी सरकार के खिलाफ आक्रामक हैं, उन्हें पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। साथ ही वह युवाओं की भी पसंद हैं। कुछ समय पहले उन्होंने यह संकेत भी दिया था कि वह जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। लेकिन स्पष्ट रूप से उन्होंने अभी हामी नहीं भरी है। यदि वह मना करते हैं, तभी किसी दूसरे वरिष्ठ चेहरे पर बात होगी। पार्टी के अंदर एक खेमा प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम भी बढ़ा रहा है।